रायपुर 23 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित दो दिन के ‘संवाद’ कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिला वेंडरों से भी बात की। महिलाओं ने बताया कि वे खुद लोगों के घर जाकर सोलर प्लांट लगा रही हैं। मुख्यमंत्री ने उनके काम की तारीफ करते हुए कहा कि यह बदलते और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की प्रेरणा देने वाली तस्वीर है।

CM साय ने कहा, प्रदेश में मार्च 2027 तक 5 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा गया है। छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन में पहले से ही मजबूत है और अभी प्रदेश में लगभग 30 हजार मेगावाट बिजली बन रही है। राज्य में ऊर्जा क्षेत्र में लगभग ₹3 लाख 50 हजार करोड़ के MOU हुए हैं, जिनसे आने वाले समय में लगभग 30 हजार मेगावाट और बिजली बनाने की क्षमता बनेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को ऊर्जा के क्षेत्र में देश के बड़े राज्यों में खड़ा करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 किलोवाट का सोलर प्लांट लगाने पर केंद्र सरकार ₹30 हजार और राज्य सरकार ₹15 हजार की सब्सिडी दे रही है। इसी तरह 3 किलोवाट के प्लांट पर लगभग ₹1 लाख 8 हजार की सब्सिडी मिल रही है। DMF वाले क्षेत्रों में सब्सिडी की बाकी राशि DMF से देने का भी प्रावधान किया गया है। इससे ज्यादा से ज्यादा परिवारों के लिए सौर ऊर्जा अपनाना आसान होगा। मुख्यमंत्री ने सोलर उद्योगों के स्टॉलों का भी अवलोकन किया। उन्होंने सोलर पैनल, उपकरणों, नई तकनीकों और लोगों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और सौर ऊर्जा में अच्छा काम करने वाली संस्थाओं, बैंकों और लोगों को सम्मानित किया।

You Missed