रायपुर, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर आज राजधानी रायपुर का महादेव घाट सवा लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। खारुन नदी के तट पर आयोजित विराट दीपोत्सव और महाआरती ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए और प्रदेशवासियों के साथ प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की मंगलकामना की। सवा लाख दीपों के एक साथ जलने से महादेव घाट का पूरा परिसर रोशन हो उठा। श्रद्धा, आस्था और जनभागीदारी के इस अनोखे संगम के बीच खारुन मैया की भव्य महाआरती की गई।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपना जीवन देश और जनसेवा को समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास, जनकल्याण और राष्ट्रीय स्वाभिमान के क्षेत्र में कई बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री दिन-रात 140 करोड़ देशवासियों की सेवा में लगे हैं और उनके नेतृत्व में आज भारत विकास की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज खारुन मैया के पवित्र तट पर जलाए गए सवा लाख दीप प्रधानमंत्री मोदी के प्रति छत्तीसगढ़वासियों के प्यार, अपनापन और शुभकामनाओं की अभिव्यक्ति हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, लंबी उम्र और यशस्वी जीवन की मंगलकामना की।
विराट दीपोत्सव के दौरान साध्वी प्रज्ञा भारती और आचार्यों द्वारा विधि-विधान से खारुन मैया की महाआरती की गई। मुख्यमंत्री ने भी महाआरती में भाग लिया। इस मौके पर प्रधानमंत्री को समर्पित साध्वी प्रज्ञा भारती द्वारा लिखे और गाए गए गीत का मुख्यमंत्री ने विमोचन किया। साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने ऐसे कई ऐतिहासिक फैसले और बदलाव देखे हैं, जिनका लंबे समय से इंतजार था। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने से लेकर अयोध्या में भगवान श्री रामलला के भव्य मंदिर में विराजमान होने तक देश ने नए आत्मविश्वास और ताकत का अनुभव किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राष्ट्रहित में बड़े और दूरगामी फैसले लिए गए हैं। उनके दृढ़ संकल्प, साफ सोच और राष्ट्रसेवा की भावना ने देश में विकास और जनकल्याण की गति को तेज किया है। आज भारत विश्व मंच पर ज्यादा आत्मविश्वास और ताकत के साथ अपनी भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री के लिए शासन का केंद्र हमेशा गरीब और समाज के आखिरी पायदान पर खड़ा व्यक्ति रहा है। इसी भावना के अनुसार गरीब परिवारों को पक्का मकान, घर-घर शौचालय, जन-धन खाते, रसोई गैस कनेक्शन, खाद्य सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने के लिए बड़े स्तर पर काम किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हर देशवासी को अपने परिवार का सदस्य मानकर ‘सबका साथ, सबका विकास’ के लक्ष्य के साथ लगातार काम कर रहे हैं। उनकी सरकार ने गरीब की छोटी से छोटी जरूरत और उसके जीवन को बेहतर बनाने वाली सुविधाओं को शासन की प्राथमिकता बनाया है। साय ने प्रधानमंत्री के साथ अपने काम के अनुभव को याद करते हुए कहा कि साल 2014 में जब देश के प्रधानमंत्री बने, तब मुझे भी उनकी सरकार में केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में काम करने का मौका मिला। उस दौरान मुझे उनकी कार्यशैली, अनुशासन, मेहनत और जनसेवा के प्रति समर्पण को करीब से देखने और समझने का मौका मिला।