रायपुर, 20 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज ओडिशा दौरे पर जाने से पहले रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर इंदौर में हुए राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर तंज कसा हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी का पिछला रिकॉर्ड देख लीजिए। वे जहां-जहां गए हैं, वहां कांग्रेस को फायदा कम और नुकसान ज्यादा हुआ है। देश की जनता लगातार कांग्रेस की राजनीति को देख और समझ रही है। अभी दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के चुनाव परिणाम भी हमारे सामने हैं। इन चुनावों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के तीन बड़े पदों पर जीत हासिल की है, जबकि कांग्रेस समर्थित एनएसयूआई एक भी बड़ा पद नहीं जीत सकी। ये चुनाव परिणाम अपने आप में बहुत कुछ कहते हैं।

उन्होंने कहा कि देश का युवा बहुत जागरूक है। वह सिर्फ नारों या बातों के आधार पर अपना फैसला नहीं करता, बल्कि यह देखता है कि देश को आगे कौन ले जा रहा है, उसके भविष्य और अवसरों के लिए कौन काम कर रहा है। दिल्ली विश्वविद्यालय के चुनाव परिणामों को भी इसी नजर से देखा जाना चाहिए। आज का युवा विकास, राष्ट्रहित और अपने बेहतर भविष्य को लेकर सजग है। लोकतंत्र में जनता और खासकर युवाओं की राय ही सबसे महत्वपूर्ण होती है और उनके फैसले का सभी को सम्मान करना चाहिए।