रायपुर, 20 सितम्बर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से उनके निवास पर मुलाकात की। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच छत्तीसगढ़ और ओडिशा के आपसी सहयोग, विकास, जनकल्याण सहित दोनों राज्यों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा पड़ोसी राज्य होने के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से भी एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। दोनों राज्यों के बीच कई साझा विषय और विकास की बड़ी संभावनाएं हैं। आपसी बातचीत और सहयोग को और मजबूत करते हुए इन संभावनाओं को दोनों राज्यों की जनता के हित में आगे बढ़ाने को लेकर मुख्यमंत्री माझी से सकारात्मक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने महानदी जल विवाद के बारे में कहा कि लंबे समय से चले आ रहे इस मुद्दे के समाधान की दिशा में अब सकारात्मक माहौल बना है। छत्तीसगढ़ और ओडिशा, दोनों राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार है। केंद्र सरकार के सहयोग और दोनों राज्यों की सकारात्मक पहल से इस मुद्दे का बहुत जल्द समाधान निकलने की उम्मीद है।