रायपुर, 17 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के आखिरी दिन प्रश्नकाल में विधायक सुशांत शुक्ला ने बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राशन दुकानों के जरिए मसाला बेचा जा रहा है। जब मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है, तो विधायक ने कहा “मेरे पास सबूत हैं”। इस पर मंत्री ने कहा कि आप सबूत दे दीजिए, हम जांच करवाएंगे।

दरअसल, भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने सबसे पहले राशन दुकानों में बचे हुए सामान यानी “बचत स्टॉक” के बारे में पूछा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूरी जानकारी छिपा रही है। अप्रैल 2025 तक का ही आंकड़ा क्यों दिया जा रहा है?

इस पर खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि हमने जांच कराई है। अधिकारी हर दुकान की जांच करते हैं। जहां शिकायत मिली है वहां कार्रवाई भी हुई है। विधायक ने पूछा कि आम लोगों को उचित मूल्य की दुकानों से कौन-कौन सा सामान मिलता है और इसकी देखरेख कौन करता है? मंत्री ने बताया कि अधिकारी हर 15 दिन में जांच करते हैं। शिकायत मिलने पर कार्रवाई भी होती है। राशन दुकानों में चावल, चीनी दी जाती है। बस्तर इलाके में चना भी दिया जाता है।

विधायक ने फिर पूछा कि क्या राशन दुकानों में मसाला बेचने की भी कोई व्यवस्था है? मंत्री के “ना” कहने पर विधायक ने आरोप लगाया कि महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं पर दबाव बनाकर उनसे मसाला बिकवाया जा रहा है। इसलिए सही जानकारी नहीं दी जा रही। विधायक ने कहा “मेरे पास इसके दस्तावेज हैं। आप जांच की घोषणा कर दीजिए, मैं सबूत दे दूंगा”। इस पर मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि आप दस्तावेज दे दीजिए, हम पूरे मामले की जांच करवाएंगे।

 

You Missed