रायपुर 5 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज महानदी मंत्रालय भवन में वन अधिकार अधिनियम (Forest Rights Act-FRA) और पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार) अधिनियम (PESA) को सही तरीके से लागू करने के लिए बनी टास्क फोर्स की बड़ी समिति की पहली बैठक हुई। बैठक में प्रदेश में पेसा कानून और वन अधिकार अधिनियम में बेहतर तालमेल, जमीन पर सही तरीके से लागू करना और अनुसूचित क्षेत्रों के संपूर्ण विकास के लिए प्लान पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को कहा कि पेसा कानून का असल मकसद गांव के स्वशासन को मजबूत करना, जंगल और प्राकृतिक चीजों की सुरक्षा, स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाना और गांव की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की करीब एक-तिहाई आबादी आदिवासी समाज से है। इसलिए उनकी परंपरा, अधिकार और विकास को ध्यान में रखते हुए पेसा कानून का अच्छा मॉडल बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

पेसा कानून अनुसूचित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के हितों की रक्षा करता है। इससे स्थानीय संसाधनों का बेहतर प्रबंधन, ग्राम सभाओं को ताकत, रोजगार के नए मौके और संतुलित विकास को बढ़ावा मिलेगा। सरकार का लक्ष्य ऐसा मॉडल बनाना है जिसमें विकास के साथ लोगों की भागीदारी भी बढ़े। CM ने कहा, वन अधिकार अधिनियम (FRA) और पेसा कानून (PESA) दोनों को साथ लेकर चलने से ही अनुसूचित क्षेत्रों में अच्छे नतीजे मिलेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों कानूनों को एक साथ लागू करते हुए योजनाओं का फायदा आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।

बैठक में छत्तीसगढ़ पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार) नियम, 2022 के तहत पेसा के नियमों को लागू करने की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही वन अधिकार अधिनियम, 2006 के तहत मिले, निपटाए गए और बचे हुए व्यक्तिगत और सामुदायिक दावों, सामुदायिक वन संसाधन अधिकार (CFRR) को मान्यता देने, उसकी सुरक्षा और प्रबंधन तथा वन ग्रामों को राजस्व ग्राम बनाने की प्रक्रिया की भी विस्तार से समीक्षा हुई।

राज्य स्तरीय कार्ययोजना समिति करेगी तालमेल का काम

मुख्यमंत्री ने कहा कि पेसा कानून के तहत अलग-अलग विभागों द्वारा एक ही विषय पर बने अलग-अलग नियमों में तालमेल के लिए राज्य स्तरीय कार्ययोजना समिति बनाई जाएगी। ये समिति सभी विभागों के नियमों को एक साथ लाकर काम करेगी। इस समिति में संबंधित विभागों के मंत्री और सचिव सदस्य होंगे और ये समिति समय-सीमा तय करके काम पर नजर रखेगी। उन्होंने ये भी कहा कि अभी जो जिला स्तरीय पेसा निगरानी समितियां हैं उन्हें सक्रिय किया जाए, ताकि जिले में पेसा कानून सही से लागू हो, ग्राम सभाएं मजबूत हों और सभी विभागों में तालमेल बना रहे।

You Missed