रायपुर, 11 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल की दूसरी मुख्य/अवसर परीक्षा खत्म हो चुकी है। अभी उत्तर पुस्तिकाओं के चेक करने का काम चल रहा है। पिछले साल 2024 और 2025 में भी रिजल्ट आने से पहले और बाद में कुछ छात्रों और अभिभावकों को फर्जी फोन कॉल आए थे। इन फर्जी कॉल करने वालों ने रिजल्ट सुधारने, नंबर बढ़ाने या फेल छात्र को पास कराने के नाम पर पैसे मांगे थे।

इस बारे में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने आम लोगों, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को सूचित किया है कि अगर कोई भी व्यक्ति रिजल्ट सुधारने, नंबर बढ़ाने या पास कराने के नाम पर फोन करे या किसी और तरीके से संपर्क करे, तो ऐसे झूठे और फर्जी कॉल पर बिल्कुल भरोसा न करें। किसी को भी पैसा न दें। अगर इस तरह का फर्जी कॉल आता है तो तुरंत अपने पास के पुलिस थाने में शिकायत करें।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने साफ किया है कि इस तरह के फर्जी कॉल और पैसों की मांग का मण्डल से कोई लेना-देना नहीं है। इसलिए सभी छात्र-छात्राओं और उनके माता-पिता से अपील है कि ऐसे फर्जी कॉल से भ्रम में न आएं, किसी के झांसे में न आएं और सावधान रहें।