रायपुर, 30 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक में अतिथि व्याख्याता नीति-2026 को मंजूरी दी गई हैं। यानी कि प्रदेश के सरकारी कॉलेजों में लागू अतिथि व्याख्याता नीति-2024 में बदलाव कर नई संशोधित नीति-2026 को कैबिनेट ने मंजूरी दी है। नई नीति के तहत अगर मेरिट लिस्ट में एक ही वर्ग के दो उम्मीदवारों के नंबर बराबर हुए तो छत्तीसगढ़ के मूल निवासी को प्राथमिकता मिलेगी। अब अनुभव के लिए अधिकतम 30 नंबर दिए जाएंगे। सरकारी कॉलेज के साथ-साथ राजकीय विश्वविद्यालय में भी एक सत्र में कम से कम 5 महीने पढ़ाने पर 5 नंबर मिलेंगे। पहले विश्वविद्यालय के अनुभव का यह लाभ नहीं मिलता था।

सरकारी कॉलेजों और राजकीय विश्वविद्यालयों से हटाए गए अतिथि व्याख्याताओं को उनके अनुभव के आधार पर खाली पदों पर फिर से नियुक्ति का मौका दिया जाएगा। मानदेय की पुरानी कालखंड आधारित व्यवस्था को हटाकर अब कार्य-दिवस के आधार पर मानदेय दिया जाएगा। अतिथि व्याख्याताओं की ड्यूटी, कार्य अवधि और आकस्मिक छुट्टी के नियमों को भी स्पष्ट किया गया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री द्वारा 10 सितंबर 2026 को फिल्म ‘हनुमान अंश’ को टैक्स फ्री करने की घोषणा की गई थी। कैबिनेट ने इसका अनुमोदन कर दिया है। फिल्म के टिकट पर लगने वाले राज्य जीएसटी (SGST) के बराबर राशि सरकार सिनेमाघरों को वापस करेगी। इस संबंध में वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा जारी आदेश का भी अनुमोदन किया गया।

राज्य सरकार पहले ही पूर्व अग्निवीर सैनिकों को राज्य की सिविल सेवाओं के तृतीय श्रेणी के पदों में 10 प्रतिशत आरक्षण दे रही है। इसका लाभ पुलिस विभाग में आरक्षक, वन विभाग में वनरक्षक और जेल विभाग में जेल प्रहरी के पदों पर मिलेगा। अब इस आरक्षण को लागू करने के लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा पूर्व अग्निवीर सैनिक भर्ती नियम, 2026 बनाया गया है, जिसे कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। इस नियम में नियुक्ति, सेवा शर्तें, भर्ती के मापदंड, आरक्षण और चयन प्रक्रिया तय की गई है।

You Missed