रायपुर, 19 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का तेजी से विकास हो रहा है, जिसका लाभ प्रदेश के हर क्षेत्र और हर नागरिक तक पहुंच रहा है। आधुनिक सुविधाओं से लैस रेलवे स्टेशनों के बनने से यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा मिलेगी। बेहतर प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, स्वच्छ परिसर और उन्नत व्यवस्थाओं से लोगों को बेहतर रेल सेवाएं मिलेंगी। छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख औद्योगिक और खनिज उत्पादक राज्यों में है। यहां रेलवे नेटवर्क का विस्तार अब राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी की जरूरतों से जुड़ रहा है। वर्तमान में प्रदेश में 51,080 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। मजबूत रेल नेटवर्क से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी, उद्योगों की परिवहन लागत कम होगी, निवेश को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि डबल इंजन सरकार में छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है। नई रेल परियोजनाओं, दोहरीकरण, विद्युतीकरण और आधुनिक सुविधाओं से विकास को नई दिशा मिल रही है। केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए राज्य के रेल बजट को बढ़ाकर 7,470 करोड़ रुपये कर दिया है, जो वर्ष 2009-14 में औसतन 311 करोड़ रुपये सालाना था। इस तरह आवंटन में करीब 24 गुना वृद्धि हुई है।

छत्तीसगढ़ की रेल रणनीति में खरसिया-नया रायपुर-परमलकसा रेल कॉरिडोर अहम है। करीब 278 किमी लंबे इस मार्ग को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अप्रैल 2025 में मंजूरी दी थी। इसकी संशोधित लागत अब 7,854 करोड़ रुपये है। इस कॉरिडोर से बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग के व्यस्त रेल खंडों का दबाव कम होगा और बलौदाबाजार सहित नए औद्योगिक क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा। इससे कोयला, लौह अयस्क, इस्पात, सीमेंट और बिजली उद्योगों के लिए माल ढुलाई की क्षमता बढ़ेगी और सड़क पर निर्भरता घटेगी।

रावघाट-जगदलपुर (140 किमी) रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है। किरंदुल-कोत्तागुडेम (180 किमी) और गढ़चिरौली-बीजापुर-किरंदुल (490 किमी) नई रेल लाइन का सर्वे चल रहा है। दल्लीराजहरा-अंतागढ़ (77 किमी) तक रेल सेवा शुरू हो चुकी है, जिससे हजारों ग्रामीण पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़े हैं। पूरा होने पर रावघाट की लौह अयस्क खदानें सीधे भिलाई इस्पात संयंत्र से जुड़ जाएंगी। कोत्तावलसा-किरंदुल लाइन के दोहरीकरण से बस्तर में माल और यात्री परिवहन की क्षमता बढ़ी है।

प्रस्तावित कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन करीब 295 किमी लंबी है। यह कटघोरा से करतला, मुंगेली, कवर्धा और खैरागढ़ होते हुए डोंगरगढ़ तक जाएगी। इसे रेल मंत्रालय और राज्य सरकार के संयुक्त उपक्रम से विकसित करने की योजना है। इससे उन क्षेत्रों में रेल सुविधा पहुंचेगी जहां अभी कनेक्टिविटी नहीं है। सरडेगा-पत्थलगांव-अंबिकापुर (244 किमी), धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा (301 किमी) और अंबिकापुर-बरवाडीह (200 किमी) रेल कॉरिडोर को भी जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इनसे उत्तर छत्तीसगढ़ और सीमावर्ती क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर बनेंगे।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 32 रेलवे स्टेशनों को करीब 1,680 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। चांपा, बालोद और सरोना स्टेशनों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल लोकार्पण किया गया है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए प्रधानमंत्री और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि रेलवे केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास का सशक्त आधार है।

You Missed