रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायगढ़ जिले के तमनार विकासखंड के ग्राम सारसमाल में उरांव समाज विकास समिति द्वारा आयोजित कर्मा पूजा महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने भगवान करम देव और भगवान शिव-पार्वती की पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में जब कर्मा दलों ने आग्रह किया तो मुख्यमंत्री स्वयं मांदर लेकर समाजजनों के बीच पहुंचे और महिला-पुरुषों के साथ कर्मा नृत्य किया। उनकी सहज सहभागिता से लोगों में उत्साह देखने को मिला। समाज ने गजमाला पहनाकर उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कर्मा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनजातीय समाज ने स्वतंत्रता आंदोलन में बड़ा योगदान दिया है। भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर जैसे वीरों ने मातृभूमि और स्वाभिमान के लिए संघर्ष किया। उनके त्याग को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जनजातीय कल्याण के लिए अलग मंत्रालय बनाया, जिससे विकास को नई गति मिली। आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, पेयजल और आजीविका के लिए व्यापक काम हो रहा है।

यह गर्व की बात है कि आज देश के सर्वोच्च पद पर जनजातीय समाज की बेटी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु हैं और छत्तीसगढ़ में जनजातीय समाज के बेटे को मुख्यमंत्री के रूप में सेवा का अवसर मिला है। नया रायपुर में बना जनजातीय संग्रहालय हमारी विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी समाज प्रकृति का उपासक है। कर्मा पर्व नई फसल की खुशी और सामूहिक जीवन की भावना को दर्शाता है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी भाषा, परंपरा और सामाजिक मूल्यों से जोड़ते हैं। संस्कृति हमारी पहचान है और शिक्षा उज्ज्वल भविष्य का आधार है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि शिक्षा आगे बढ़ने का सबसे सशक्त माध्यम है। आज अवसरों की कमी नहीं है, जरूरत लक्ष्य तय कर मेहनत करने की है। आदिवासी विद्यार्थियों के लिए प्रयास आवासीय विद्यालयों और नालंदा परिसर जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी हो सके। दिल्ली में जनजातीय विद्यार्थियों के छात्रावास की क्षमता बढ़ाकर 200 सीट की गई है। उन्होंने कहा कि समाज तभी तेजी से आगे बढ़ेगा जब नई पीढ़ी प्रशासन, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, तकनीक और उद्यमिता में अपनी भागीदारी बढ़ाएगी।

You Missed