रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की। प्रदेश की 67 लाख 38 हजार से ज्यादा पात्र महिलाओं के खातों में सीधे ₹632.40 करोड़ ट्रांसफर किए गए। इसके साथ ही योजना में अब तक महिलाओं को ₹20,708 करोड़ से ज्यादा की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि माताओं-बहनों का सम्मान और सशक्तीकरण सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। जब घर की महिला आर्थिक रूप से मजबूत होती है, तो पूरे परिवार पर इसका अच्छा असर पड़ता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तीकरण को नई दिशा दी है। उसी सोच पर छत्तीसगढ़ सरकार भी काम कर रही है। योजना 1 मार्च 2024 से शुरू हुई है। इसमें पात्र महिलाओं को हर महीने ₹1000 सीधे बैंक खाते में मिलते हैं। 32वीं किस्त से दुर्ग जिले की 3.89 लाख से ज्यादा महिलाओं के खातों में ₹37.19 करोड़ आए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राशि सिर्फ मदद नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान और आत्मविश्वास को बढ़ाने वाली राशि है। कोई बहन बच्चों की पढ़ाई में, कोई स्वास्थ्य में तो कोई छोटी बचत और रोजगार में इसका उपयोग कर रही है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दुर्ग जिले को ₹218.48 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी। जिसमें ₹1.22 करोड़ की लागत से बने ITI दुर्ग के उन्नयन कार्य का लोकार्पण और ₹217.25 करोड़ के 23 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया हैं। पुलगांव से अंजोरा-रसमड़ा मार्ग को 4 लेन (₹30.20 करोड़), कुम्हारी-अहिवारा-पथरिया मार्ग (₹24.06 करोड़), भिलाई-सिरसा-औंधी मार्ग (₹15.03 करोड़) सहित कई सड़कों का चौड़ीकरण शामिल हैं।

कौशल विकास क्षेत्र में शासकीय पॉलिटेक्निक दुर्ग का उन्नयन (₹8.86 करोड़), लाइवलीहुड कॉलेज भवन (₹4.11 करोड़) का निर्माण किया जाएगा। सुरपा, मोहंदी, कपसदा, नंदौरी, तिरगा, गनियारी और रिसाली-उमरपोटी जलाशयों का जीर्णोद्धार होगा। स्वास्थ्य-शिक्षा के क्षेत्र में भी कई सौगात मिली हैं। मेडिकल कॉलेज छात्रावास (₹16.16 करोड़), GNM प्रशिक्षण केंद्र के लिए 11.96 करोड़ जारी किए गए।

वहीं पाटन क्षेत्र में 132/33 केवी उपकेंद्र जामगांव (₹25.83 करोड़) और ट्रांसमिशन लाइन सहित बिजली से जुड़े काम होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तरफ हम माताओं-बहनों को आर्थिक रूप से मजबूत बना रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सड़क, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी सुविधाओं का विस्तार भी कर रहे हैं। सशक्त मातृशक्ति ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है।

You Missed