रायपुर, 29 सितम्बर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज मंत्रालय महानदी भवन में पारस पोर्टल के माध्यम से आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रमुख योजनाओं, अधोसंरचना परियोजनाओं और जनसेवाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला कलेक्टरों से योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली और तय लक्ष्यों को समय-सीमा में प्राप्त करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की कार्यप्रणाली में विभागों के आपसी समन्वय की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। कई विकास परियोजनाओं में एक से अधिक विभागों की अनुमति, सहभागिता या सहयोग जरूरी होता है। ऐसे में विभाग अलग-अलग स्तर पर काम करने के बजाय समन्वित दृष्टिकोण अपनाएं। इससे परियोजनाओं की गुणवत्ता बेहतर होगी, अनावश्यक देरी दूर होगी और समय और लागत दोनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि पारस पोर्टल का उद्देश्य केवल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना नहीं, बल्कि उन कारणों की पहचान कर समाधान सुनिश्चित करना भी है, जिनके कारण कोई परियोजना या योजना अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पा रही है। राज्य स्तर से लेकर जिलों तक सभी अधिकारी इसे परिणाम आधारित प्रशासन के प्रभावी माध्यम के रूप में उपयोग करें।
एग्रीस्टैक में हर पात्र किसान का शत-प्रतिशत पंजीयन तय समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि एग्रीस्टैक को केवल धान खरीदी से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। यह किसानों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ अधिक सरलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण आधारभूत व्यवस्था है। मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को निर्देश दिया कि जिलों में विशेष अभियान चलाकर एग्रीस्टैक और डीसीएस से संबंधित लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए। हर असली किसान का पंजीयन सुनिश्चित हो और किसी पात्र किसान को धान विक्रय या शासन की अन्य योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि पिछले साल व्यवस्था के शुरुआती चरण में सामने आई व्यावहारिक कठिनाइयों से सीख लेते हुए इस वर्ष पहले से ही सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही के कारण यदि कोई पात्र किसान लाभ से वंचित होता है तो उसकी जवाबदेही तय की जाए। मुख्यमंत्री ने डिजिटल फसल सर्वेक्षण की जिलेवार प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अपेक्षाकृत पीछे चल रहे जिलों को तय समय-सीमा में सर्वेक्षण पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्य में लापरवाही या अपेक्षित सहयोग नहीं करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
उन्होंने प्रदेश में पिछले दिनों हुई भारी बारिश और बाढ़ से बनी स्थिति और चल रहे राहत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि भारी बारिश से प्रदेश के 17 जिलों के 500 से अधिक गांव प्रभावित हुए हैं और बस्तर संभाग के जिलों पर इसका अधिक असर पड़ा है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित जिलों के कलेक्टरों को जनहानि, मकानों, पशुधन, अनाज और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का सर्वेक्षण जल्द पूरा करने और पात्र प्रभावित परिवारों तक सहायता राशि जल्द से जल्द पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नुकसान के आकलन से लेकर सहायता राशि देने तक की प्रक्रिया संवेदनशीलता और तत्परता के साथ पूरी की जाए।
मुख्यमंत्री ने राहत शिविरों और स्वास्थ्य शिविरों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने हैंडपंपों का क्लोरीनीकरण कराने और नागरिकों को पानी उबालकर पीने के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को यह भरोसा होना चाहिए कि सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है। राहत और पुनर्वास के हर कार्य में मानवीय संवेदना सबसे ऊपर होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्यों में सक्रिय योगदान देने वाले स्व-सहायता समूहों, चेंबर ऑफ कॉमर्स, सामाजिक संगठनों और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना की और कलेक्टरों को ऐसे समूहों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ से क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों, सड़कों और अन्य सार्वजनिक अधोसंरचनाओं का आकलन कर जानकारी तुरंत शासन को भेजने को कहा, ताकि उनकी मरम्मत या पुनर्निर्माण की कार्रवाई जल्द शुरू की जा सके। उन्होंने पात्र प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना सहित अन्य संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसके क्रियान्वयन में और तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह योजना परिवारों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री ने योजना के तय लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए वेंडर्स की संख्या बढ़ाने, सोलर दीदियों को प्रोत्साहित करने और हितग्राहियों के लिए ऋण की उपलब्धता को और आसान बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा योजना में दी जा रही सब्सिडी का अधिक से अधिक पात्र परिवार लाभ उठा सकें, इसके लिए जिलों में व्यापक जागरूकता और प्रभावी क्रियान्वयन दोनों जरूरी हैं।
सड़क और पुल-पुलियों के लंबित कार्यों की बाधाएं तुरंत दूर करने, ग्राम पंचायतों में बुनियादी अधोसंरचना को प्राथमिकता देने, सेवा सेतु और सीएम हेल्पलाइन में समय पर शिकायतों का समाधान करने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए हैं। उन्होंने कहा कि पारस पोर्टल प्रदेश में अधोसंरचना निर्माण, विकास कार्यों और प्रमुख योजनाओं की प्रभावी निगरानी का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। जिलों में विभिन्न विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें और ऐसी समस्याएं, जिनका समाधान राज्य स्तर से अपेक्षित है, उन्हें समय रहते सामने लाएं। बता दें कि हर माह के आखिरी मंगलवार को पारस पोर्टल के माध्यम से राज्य स्तर पर प्रमुख योजनाओं, विकास कार्यों और जनसेवाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है।