रायपुर, 16 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नवा रायपुर में सीएम हेल्पलाइन कार्यालय पहुंचकर कामकाज की समीक्षा की और जिला कलेक्टरों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा की। बैठक में बताया गया कि 9 जून से 15 अक्टूबर 2026 तक हेल्पलाइन पर कुल 2 लाख 31 हजार 850 शिकायतें आईं, जिनमें से 2 लाख 5 हजार 996 का समाधान हो चुका है। 25 हजार 854 पर कार्रवाई जारी है। कुल 88.85 प्रतिशत शिकायतों का निराकरण हुआ है। रोज औसतन 1500 से 2000 शिकायतें आ रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह शुरुआती परिणाम उत्साहजनक हैं। शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान सबसे जरूरी है। केवल आंकड़ा नहीं, बल्कि नागरिक को वास्तव में राहत मिलनी चाहिए और वह संतुष्ट होना चाहिए। पेंशन बुजुर्गों, विधवाओं, दिव्यांगजनों के लिए बड़ा सहारा है। पात्र लोगों को इसके लिए परेशान नहीं होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि शासन के लिए छोटा लगने वाला काम भी नागरिक के लिए बड़ी परेशानी हो सकता है। राशन कार्ड, पेंशन, बिजली, पानी जैसे कामों में देरी परिवार को लंबे समय तक परेशान करती है। सीएम हेल्पलाइन का मकसद है कि नागरिक की आवाज सीधे शासन तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में अधिकारी निष्ठा से काम कर रहे हैं। ऐसे लोगों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। वहीं लापरवाही से पूरे प्रशासन की छवि खराब होती है। अच्छा काम करने वालों को प्रोत्साहन और देरी या लापरवाही पर जवाबदेही तय हो। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि शिकायतों को केवल व्यक्तिगत मामले के रूप में न देखा जाए। आंकड़ों का विश्लेषण कर पता लगाया जाए कि किस विभाग या योजना से जुड़ी शिकायतें बार-बार आ रही हैं और व्यवस्था में सुधार किया जाए। इससे हेल्पलाइन फीडबैक सिस्टम के रूप में भी काम करेगी।