रायपुर, 24 अक्टूबर 2025।छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती की राह देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। CM साय के नेतृत्व में सरकार पाँच हजार शिक्षकों की भर्ती करेगी। प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में ये बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य शासन के वित्त विभाग ने आज 5000 शिक्षकों के पदों पर भर्ती की सहमति दी है।

CM साय ने कहा कि शिक्षा किसी भी राज्य की प्रगति की नींव होती है, और छत्तीसगढ़ सरकार का उद्देश्य है कि हर बच्चे तक ज्ञान और अवसर दोनों पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह भर्ती न केवल शिक्षा व्यवस्था को गति देगी बल्कि युवाओं को रोज़गार के नए अवसर मिलेंगे। CM साय ने वित्त विभाग द्वारा दी गई सहमति को ‘नए छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक कदम’ बताया।

बता दें कि 5000 पदों के लिए शिक्षा विभाग जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा। इन पदों के पूरा होने से ग्रामीण और आदिवासी अंचलों में शिक्षकों की कमी काफी हद तक दूर होगी, क्योकि प्रदेश में शिक्षकों की कमी लंबे समय से एक प्रमुख चुनौती रही है। कई ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यालयों में विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता सीमित थी। नई भर्ती से इन क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे बच्चों को अब अपने ही गाँव में बेहतर शिक्षा मिलेगी।