रायगढ़, 15 नवंबर 2026। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अपनी संस्कृति, स्वाभिमान, अधिकारों और मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। जनजातीय गौरव दिवस सिर्फ उत्सव नहीं, बल्कि महान जनजातीय नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के कारण वे सीधे शामिल नहीं हो सके।

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों से नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को निर्णायक सफलता मिली है। बस्तर के जिन क्षेत्रों में कभी बंदूकों की आवाज सुनाई देती थी, वहां आज खेल के मैदान बन रहे हैं। बच्चे और युवा शिक्षा, खेल और कौशल से अपने सपनों को नई उड़ान दे रहे हैं। सरकार ने बस्तर के युवाओं के हाथों में बंदूक की जगह खेल का सामान और हिंसा की जगह नई उम्मीदें दी हैं। जब बंदूक की जगह खेल का मैदान, हिंसा की जगह शिक्षा और भय की जगह विश्वास आता है, तब विकास को कोई रोक नहीं सकता।

साल 2024 में बस्तर ओलंपिक में डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। सत्र 2025-26 में प्रदेश के एकलव्य स्कूलों के 408 विद्यार्थियों ने नीट और करीब 346 ने जेईई मेन्स में सफलता पाई। प्रदेश में 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और करीब 24 हजार करोड़ रुपए के प्रावधान वाली पीएम-जनमन योजना से जनजातीय गांवों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के अवसर बढ़ रहे हैं।

वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी गौरवशाली संस्कृति का संरक्षण और हर जनजातीय परिवार तक विकास पहुंचाना हमारी सरकार का संकल्प है। भगवान बिरसा मुंडा सहित महान जननायकों के सपनों को साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने जनजातीय वेशभूषा में तीर-धनुष और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ लोगों का उत्साह बढ़ाया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पद्मश्री सम्मानित बुधरी ताती, जागेश्वर यादव और पंडी राम मंडावी का अभिनंदन किया। जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को पुरस्कृत किया। मांझी-चालकी पदाधिकारियों को सम्मान राशि और तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस दिया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का भी अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिरसा मुंडा ने मात्र 25 साल की उम्र में बलिदान दिया। उनका जीवन अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग और बलिदान की महान गाथा है। छत्तीसगढ़ वीरों और बलिदानियों की धरती है। यहां के 14 महान जनजातीय जननायकों ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया। शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह सहित कई नायकों ने स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से छत्तीसगढ़ के 6,691 गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और आजीविका की सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों के लिए राज्यांश का फैसला लिया गया। आज प्रदेश में रोज करीब 1,600 आवास बन रहे हैं। सरकार की योजनाओं का करीब 40 प्रतिशत लाभ जनजातीय समाज को मिल रहा है।

You Missed