रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज माता शबरी की पावन नगरी शिवरीनारायण में तीन दिवसीय शिवरीनारायण महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने महानदी पर 63 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नया पुल बनाने की घोषणा की। साथ ही नगर के गंदे पानी के शोधन के लिए एसटीपी प्लांट और राम वनगमन पर्यटन परिपथ के तहत शिवरीनारायण के विकास की भी घोषणा की। शिवरीनारायण को नगरपालिका बनाने के लिए सर्वे कराने की बात भी कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवरीनारायण का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व बहुत है। नया पुल बनने से आवागमन आसान होगा और आसपास के गांवों को बेहतर संपर्क मिलेगा। एसटीपी प्लांट से स्वच्छता बेहतर होगी और महानदी के संरक्षण में भी मदद मिलेगी। भगवान श्रीराम के चरणों से पवित्र हुई माता शबरी की इस धरती पर आना उनके लिए सौभाग्य है। वे सपत्नीक यहां पहुंचे हैं। शिवरीनारायण आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने गौमाता की पूजा और मां चित्रोत्पला गंगा की महाआरती कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। प्रतिदिन होने वाली संध्या आरती की परंपरा पर खुशी जताते हुए इसे आगे बढ़ाने का आह्वान किया।