रायपुर। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) टाउनशिप में रहने वाले हजारों परिवारों को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर BSP प्रबंधन ने रिटेंशन और थर्ड पार्टी श्रेणी के आवासों का किराया घटाकर 6 रुपए प्रति वर्गफीट प्रतिमाह कर दिया है। इस फैसले से करीब 3,946 आवासधारियों को फायदा मिलेगा। खासकर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि रिटेंशन श्रेणी में किराया 75% तक कम हुआ है।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक के बाद BSP के नगर सेवा विभाग ने 2 नवंबर को नया आदेश जारी किया। इस बीच मुख्यमंत्री से भिलाई स्टील प्लांट के सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ और थर्ड पार्टी कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर आभार जताया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री गजेंद्र यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कितनी राहत मिलेगी?
रिटेंशन श्रेणी में 75% की कटौती
पहले किराया 24 रुपए प्रति वर्गफीट था, अब 6 रुपए होगा।
उदाहरण – 500 वर्गफीट के मकान पर पहले 12,000 रुपए महीना देना पड़ता था, अब सिर्फ 3,000 रुपए देना होगा। हर महीने 9,000 रुपए और साल भर में 1,08,000 रुपए की बचत होगी।
थर्ड पार्टी श्रेणी में 25% की कटौती
पहले किराया 8 रुपए प्रति वर्गफीट था, अब 6 रुपए होगा। इससे किराया 25% कम हो जाएगा। अब दोनों श्रेणियों के लिए एक समान किराया दर होगी।
कितने लोगों को लाभ
कुल 3,946 आवासधारियों को लाभ मिलेगा –
– रिटेंशन श्रेणी के 1,158 आवास
– थर्ड पार्टी श्रेणी के 2,788 आवास
भिलाई में कई सेवानिवृत्त कर्मचारी सीमित पेंशन पर निर्भर हैं, उनके लिए बढ़ा हुआ किराया बोझ बन गया था। नई दर से उनका मासिक खर्च काफी कम होगा। नई दर पुरानी तारीख से लागू होगी। जिन लोगों ने अधिक दर पर किराया जमा किया है, उनकी अतिरिक्त राशि का समायोजन विभागीय नियमों के अनुसार किया जाएगा। यह व्यवस्था अगले आदेश तक अंतरिम राहत के तौर पर लागू रहेगी। मुख्यमंत्री की पहल पर सांसद विजय बघेल और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय ने यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद यह राहत मिली है।