रायपुर। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में आज मंत्रालय महानदी भवन में पीएम-सेतु योजना के तहत दुर्ग और बस्तर क्लस्टर के लिए भिलाई स्टील प्लांट और एनएमडीसी लिमिटेड के साथ समझौता (MoU) हुआ। इन उद्योगों के जुड़ने से आईटीआई का प्रशिक्षण उद्योगों की असल जरूरतों से जुड़ेगा और युवाओं को रोजगारपरक कौशल मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आईटीआई को केवल प्रशिक्षण केंद्र नहीं, बल्कि आधुनिक कौशल, नवाचार और उद्यमिता के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नए उद्योग और निवेश बढ़ने से प्रशिक्षित लोगों की मांग भी बढ़ रही है। हमारा प्रयास है कि उद्योगों को दक्ष लोग छत्तीसगढ़ में ही मिलें और युवाओं को अपने घर के पास ही रोजगार के बेहतर अवसर मिलें। प्रधानमंत्री की पहल पर शुरू की गई पीएम-सेतु (PM-SETU) योजना के तहत देशभर के 1000 शासकीय आईटीआई को आधुनिक बनाने के लिए लगभग 60 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान है। इसका उद्देश्य आईटीआई को आधुनिक तकनीक और उद्योगों की जरूरतों के अनुसार विकसित करना और युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाना है।

छत्तीसगढ़ में इस योजना के लिए दुर्ग, कोरबा, सरगुजा, बस्तर, रायगढ़ और रायपुर सहित 6 क्लस्टर चुने गए हैं। इनमें 6 हब आईटीआई और 24 स्पोक आईटीआई सहित कुल 30 आईटीआई का उन्नयन होगा। 6 क्लस्टरों में 5 साल में लगभग 1,446 करोड़ रुपए का निवेश प्रस्तावित है। हर क्लस्टर में लगभग 241 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसमें हब आईटीआई के लिए 81 करोड़ और हर स्पोक आईटीआई के लिए 40 करोड़ रुपए का प्रावधान है। योजना में केंद्र सरकार 50%, राज्य सरकार 33% और उद्योग भागीदार 17% खर्च वहन करेंगे। इससे आईटीआई में आधुनिक मशीनें, लैब और प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगों और आईटीआई के बीच साझेदारी इस योजना की सबसे बड़ी खासियत है। उद्योगों के सीधे जुड़ने से युवाओं को वही तकनीक और कार्यप्रणाली सीखने को मिलेगी जो कंपनियों में इस्तेमाल हो रही है। उद्योगों की जरूरत और युवाओं के कौशल के बीच के अंतर को कम करने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। दुर्ग क्लस्टर के लिए SAIL का भिलाई स्टील प्लांट एंकर इंडस्ट्री पार्टनर होगा। इस क्लस्टर में शासकीय आईटीआई दुर्ग हब होगा, जबकि भिलाई, महिला आईटीआई भिलाई, राजनांदगांव और डौंडीलोहारा स्पोक आईटीआई होंगे।भिलाई स्टील प्लांट के अनुभव से छात्रों को आधुनिक तकनीक और मशीनों का प्रैक्टिकल प्रशिक्षण मिलेगा। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में आज MoU पर हस्ताक्षर हुए।

बस्तर क्लस्टर के लिए एनएमडीसी लिमिटेड एंकर पार्टनर होगा। बस्तर क्लस्टर में शासकीय आईटीआई बस्तर हब होगा और जगदलपुर, गीदम, कोंडागांव और नारायणपुर स्पोक होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर जैसे आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं तक अच्छी तकनीकी ट्रेनिंग पहुंचाना प्राथमिकता है। एनएमडीसी के जुड़ने से बस्तर के युवाओं को आधुनिक औद्योगिक कौशल मिलेगा और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

सरगुजा क्लस्टर के लिए SECL ने एंकर पार्टनर बनने की सहमति दी है। टाटा IIS को ऑपरेटिंग पार्टनर चुना गया है। MoU की प्रक्रिया चल रही है। कोरबा क्लस्टर के लिए NTPC कोरबा ने एंकर पार्टनर बनने की सहमति दी है और ऑपरेटिंग पार्टनर के चयन की प्रक्रिया चल रही है। रायपुर और रायगढ़ क्लस्टर के लिए एंकर पार्टनर के चयन के लिए ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर टेंडर जारी हुए हैं। रायपुर क्लस्टर के लिए हीरा ग्रुप के सवालों का जवाब दिया जा चुका है। रायगढ़ के लिए NTPC लारा से चर्चा चल रही है।

हब-स्पोक मॉडल से आईटीआई के बीच संसाधनों, आधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञता का बेहतर समन्वय होगा। हब आईटीआई उन्नत प्रशिक्षण का मुख्य केंद्र होगा, जिसका लाभ स्पोक आईटीआई को भी मिलेगा। इससे अलग-अलग क्षेत्रों के युवाओं तक अच्छी ट्रेनिंग पहुंचेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा, कौशल, उद्योग और रोजगार को जोड़कर युवाओं के लिए अवसरों का मजबूत तंत्र बना रही है। लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ का युवा केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार पैदा करने वाला भी बने।

You Missed