रायपुर, 27 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री ने आज सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के 520 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र दिए। मुख्यमंत्री ने सभी नए कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग में सेवा का मौका मिलना बड़ी जिम्मेदारी है। अस्पताल आने वाला हर मरीज और उसका परिवार बड़ी उम्मीद से स्वास्थ्यकर्मियों की ओर देखता है। इसलिए सिर्फ सरकारी ड्यूटी ही नहीं, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और हर नागरिक तक बेहतर इलाज पहुंचाना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और विकसित छत्तीसगढ़ की नींव हैं। रोगियों की सेवा से बड़ा कोई काम नहीं है। इसे सिर्फ नौकरी न मानें, बल्कि जनसेवा और पुण्य का काम समझकर पूरी ईमानदारी और समर्पण से करें। आपके अच्छे व्यवहार से मरीजों का स्वास्थ्य व्यवस्था पर भरोसा बढ़ेगा। अच्छा स्वास्थ्य ही जीवन में आगे बढ़ने की पहली जरूरत है। पिछले 25 सालों में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाएं काफी बढ़ी हैं। सरकार नए मेडिकल कॉलेज, अस्पतालों में आधुनिक सुविधाएं और स्टाफ बढ़ाने पर लगातार काम कर रही है।
बता दें कि स्वास्थ्य विभाग में कुल 520 पदों पर नियुक्ति हुई है। जिसमें स्टाफ नर्स 208, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक पुरुष 95, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक महिला 94, फार्मासिस्ट 25, वार्ड बॉय 50 और वार्ड आया के 48 पदों पर नियुक्ति हुई हैं। ये कर्मचारी 14 जिलों में सेवाएं देंगे। इनमें ज्यादातर जिले आदिवासी बहुल हैं। बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से काफी बदलाव दिख रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि दूरी की वजह से किसी को भी इलाज में परेशानी न हो।
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि आज का दिन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण है। सभी 520 भर्तियां पूरी पारदर्शिता के साथ समय पर की गई हैं। आगे भी डॉक्टर, नर्स सहित अन्य पदों पर भर्तियां की जाएंगी। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री रामविचार नेताम, ओ.पी. चौधरी, केदार कश्यप, दयाल दास बघेल, लखनलाल देवांगन, टंकराम वर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, लक्ष्मी राजवाड़े, राजेश अग्रवाल, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।