रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री सुशासन फेलोशिप के दूसरे बैच के 36 युवाओं से बातचीत की। उन्होंने अपने छात्र जीवन, संघर्ष और जनसेवा के अनुभव साझा किए और युवाओं को निष्ठा व ईमानदारी से काम करने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है। विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। जो भी जिम्मेदारी मिले, उसे पूरी ईमानदारी से निभाएं और जनकल्याण को अपने काम का लक्ष्य बनाएं।

बता दें कि फेलोशिप 2 साल की है। इसमें 5 महीने पढ़ाई और ट्रेनिंग तथा 19 महीने जिलों में मैदानी अनुभव शामिल है। पहले 3 महीने IIM रायपुर में ट्रेनिंग होगी, फिर युवा जिला प्रशासन के साथ जुड़कर योजनाओं के क्रियान्वयन को समझेंगे। इस बैच में इंजीनियरिंग, साइंस, मैनेजमेंट, गणित, कॉमर्स सहित अलग-अलग विषयों के 36 युवा हैं, जिनमें दंतेवाड़ा, बस्तर, जशपुर सहित 14 जिलों के युवा शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा विकास का मूल मंत्र है। आज छत्तीसगढ़ में IIT, IIM, Triple IT, AIIMS जैसे बड़े संस्थान हैं। सरकार लाइवलीहुड कॉलेजों के माध्यम से कौशल प्रशिक्षण दे रही है और 30 ITI को आधुनिक बना रही है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई साल में 700 से ज्यादा रोजगार मेलों से करीब 24 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। हाल ही में रायपुर में हुए राज्य स्तरीय रोजगार मेले में 95 से ज्यादा कंपनियों ने हिस्सा लिया और 5 हजार युवाओं को नौकरी मिली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक नीति में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी गई है। सरकार का लक्ष्य सिर्फ निवेश लाना नहीं, बल्कि उसे जमीन पर उतारकर रोजगार के मौके बनाना है। उन्होंने सिंगापुर दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि सेमीकंडक्टर, टेक्सटाइल जैसे नए क्षेत्रों में निवेश से युवाओं को नए अवसर मिलेंगे। नवा रायपुर में 100 एकड़ में मेडिसिटी और 5000 बिस्तरों के अस्पताल की योजना भी रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी।

सरकार ने AI मिशन के लिए बजट में ₹500 करोड़ का प्रावधान किया है। इसके तहत 6 लाख विद्यार्थियों को AI की शिक्षा और 1500 अधिकारियों-कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जाएगी। युवाओं के सवाल पर मुख्यमंत्री ने बताया कि 10 साल की उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उन पर आ गई थी। उन्होंने खुद बैलों से हल चलाकर खेती की। उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे सरपंच बनेंगे, फिर विधायक, सांसद, केंद्रीय राज्य मंत्री और अब मुख्यमंत्री बने। उन्होंने युवाओं से कहा कि जनता के बीच रहें और उनके सुख-दुख में साथी बनें।

You Missed