रायपुर, 18 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नवा रायपुर स्थित निवास में आज आयोजित दीपावली मिलन समारोह सामाजिक समरसता, आत्मीयता, सेवा भावना और सांस्कृतिक गौरव का अनूठा संगम बना। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पद्मश्री सम्मानित विभूतियों, विभिन्न समाजों के वरिष्ठजनों, लोकतंत्र सेनानियों, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और शिक्षा, सेवा, साहित्य, संस्कृति, सामाजिक जागरण, सुरक्षा और आर्थिक क्षेत्र में सक्रिय संगठनों के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को विशेष बना दिया।

यह समारोह केवल शुभकामनाओं के आदान-प्रदान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में दशकों से समर्पित भाव से काम कर रहे लोगों के सम्मान, उनके अनुभव साझा करने और सामाजिक संबंधों को नई ऊर्जा देने का यादगार अवसर बना। मुख्यमंत्री ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। वे स्वयं एक-एक टेबल पर पहुंचे और लोगों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनका हालचाल जाना। उन्होंने वरिष्ठजनों के अनुभव सुने, विभिन्न संगठनों की गतिविधियों की जानकारी ली और समाज के लिए किए जा रहे उनके कार्यों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली का पर्व केवल प्रकाश और उल्लास का उत्सव नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर भी है। छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी शक्ति यहां के लोगों की सरलता, आत्मीयता, सामाजिक एकता और सेवा भावना है। समारोह में जैन समाज, वैष्णव समाज, छत्तीसगढ़िया सोनार समाज सहित विभिन्न समाजों के वरिष्ठजनों और प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की।

समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के करीब चार दशक से सक्रिय वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और छत्तीसगढ़ प्रांत के पदाधिकारियों की विशेष उपस्थिति रही। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोकतंत्र सेनानियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए किए गए उनके संघर्ष और अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

समारोह में आरोग्य भारती, राष्ट्रीय सेवा भारती, भारतीय कुष्ठ निवारक संघ सहित विभिन्न सेवा संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य जागरूकता, रोग निवारण, जरूरतमंदों की सहायता और जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे उनके प्रयासों की सराहना की। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय शिक्षण मंडल और विद्या भारती सहित शिक्षा क्षेत्र से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। प्रज्ञा प्रवाह, भारतीय साहित्य परिषद सहित वैचारिक और साहित्यिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मुख्यमंत्री ने मुलाकात की।

विश्व हिंदू परिषद, वनवासी कल्याण आश्रम, राष्ट्रीय सेवा समिति सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। पूर्व सैनिक परिषद और हिंदू जागरण मंच सहित सुरक्षा और सामाजिक जागरण से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। लघु उद्योग भारती, भारतीय मजदूर संघ सहित आर्थिक और श्रमिक क्षेत्र के संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की।

समारोह में पद्मश्री सम्मानित कलाकारों की उपस्थिति विशेष आकर्षण रही। मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध सूफी गायक पद्मश्री मदन सिंह चौहान से मुलाकात कर संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। मुख्यमंत्री ने पद्मश्री पंडीराम मंडावी से भी मुलाकात की और अबूझमाड़ की पारंपरिक काष्ठकला के संरक्षण के प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बस्तर की जनजातीय कला छत्तीसगढ़ की अमूल्य धरोहर है।

मुख्यमंत्री ने पद्मश्री भारती बंधु से भी मुलाकात की और संत कबीर की वाणी और भक्ति संगीत को जन-जन तक पहुंचाने में उनके योगदान की प्रशंसा की। विज्ञान भारती के प्रतिनिधियों ने जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान से परिचित कराने के लिए चलाई जा रही ‘स्पेस ऑन व्हील’ पहल की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के जनजातीय और दूरस्थ अंचलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उन्हें सही अवसर और मार्गदर्शन देने की जरूरत है।

You Missed