रायपुर। छत्तीसगढ़ की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर नवा रायपुर का आसमान देशभक्ति के रंगों में रंग गया। भारतीय वायुसेना की फेमस एरोबेटिक टीम ‘सूर्यकिरण’ ने रोमांचक एयर शो का प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन नवा रायपुर के सैंध जलाशय के ऊपर हुआ, जहां नौ फाइटर विमान आसमान में अद्भुत करतब दिखाते नजर आए साथ ही तिरंगे की छटा बिखेरी। इस दौरान उपराष्ट्रपति CP राधाकृष्ण, CM विष्णुदेव साय समेत तमाम मंत्रीगण और विधायक मौजूद रहे।

इस कार्यक्रम में छतीसगढ़ के फाइटर पायलट गौरव पटेल भी शामिल हुए। आसमान में फाइटर विमान ने हार्ट, डायमंड, लूप, ग्रोवर, द्वार जैसी कई फार्मेशन बनाये। टीम का रोमांचक प्रदर्शन लगभग 30 से 35 मिनट तक रहा, जिसमें आसमान में तिरंगा ध्वज के रंगों की आंभा नजर आई। सूर्यकिरण के पायलट आसमान में 100 फीट से लेकर 10 हजार फीट तक की ऊंचाई पर उड़ान भरते हुए नजर आए।

यह शो इस तरह से डिजाइन किया गया था कि 10 से 15 किलोमीटर रेडियस पर मौजूद लोगों को भी नजर आए। इधर एयर शो देखने नवा रायपुर में जनसैलाब उमड़ गया। आसमान में करतब दिखाते विमानों को देखने लोगों में जबरदस्त उत्सुकता रही और आयोजन स्थल के आसपास मेले जैसा माहौल बन गया। लोगों की बढ़ती भीड़ के चलते एक्सप्रेसवे से नवा रायपुर तक वाहनों की लंबी कतारें देखी गई और कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही।
