रायपुर, 19 अक्टूबर 2026। उप मुख्यमंत्री व कवर्धा विधायक विजय शर्मा नवरात्रि पर्व पर कबीरधाम जिले के ग्राम भलपहरी और अचानकपुर पहुंचे। उन्होंने माता दुर्गा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उप मुख्यमंत्री जमीन पर बैठकर ग्रामीणों से मिले और उनकी मांगों और समस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने दोनों गांवों में कुल 48 लाख 30 हजार रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की और ग्राम भलपहरी में अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन और प्राथमिक शाला के अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण किया।
भलपहरी में हाई स्कूल रोड पर सीसी रोड के लिए 2.60 लाख, प्राथमिक शाला में किचन शेड के लिए 4 लाख और सामुदायिक भवन के लिए 6.50 लाख रुपये। अचानकपुर में मंच निर्माण के लिए 8 लाख, सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख, सीसी रोड के लिए 5.20 लाख, मुख्य मार्ग से पंचराम के घर तक सीसी रोड के लिए 2.60 लाख, मैदान समतलीकरण के लिए 2 लाख और गोठान समतलीकरण के लिए 2 लाख रुपये की घोषणा। भलपहरी में 5 लाख रुपये की लागत से बने अटल डिजिटल सेवा केंद्र के शुरू होने से ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग सुविधा मिलेगी। ग्रामीण महतारी वंदन, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन जैसी योजनाओं की राशि निकाल और जमा कर सकेंगे। इससे उन्हें छोटे कामों के लिए शहर नहीं जाना पड़ेगा।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार गांवों के विकास और मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। बैगा बाहुल्य क्षेत्रों में सड़क, बिजली, आवास जैसी सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता में है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना में बैगा आदिवासियों की राशि में गड़बड़ी के मामले में कार्रवाई की गई है। साथ ही प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति की बसाहटों तक सड़क और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। किसानों की मेहनत से भोरमदेव शक्कर कारखाना वित्तीय वर्ष 2025-26 में देश में सर्वाधिक रिकवरी वाला शक्कर कारखाना बना है। किसानों के हित में सरकार ने गन्ने का समर्थन मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है।