रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज रायपुर में राज्योत्सव के समापन समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ की सभी प्रदेशवासियों, खासकर आदिवासी भाई-बहनों को बधाई और इस सफलता के लिए CAPF व छत्तीसगढ़ पुलिस को साधुवाद।शाह ने कहा कि नवा रायपुर में 5 लाख पीपल के पेड़ लगाए जाएंगे। यह दुनिया का सबसे बड़ा पर्यावरण-मित्र शहर बनेगा।

उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने 2000 में छत्तीसगढ़ बनाया, मोदी जी ने इसे संवारा। आज गौरव, सिद्धि और संकल्प का दिन है। नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ का संकल्प पूरा हुआ है। गुरु घासीदास और गुरु नानक के संदेश ही छत्तीसगढ़ के संस्कार हैं। सरकार छत्तीसगढ़ पंडुम और बस्तर ओलंपिक से लोक संस्कृति को बढ़ावा दे रही है। पंथी, पंडवानी, राउत नाचा, कर्मा, सैला, ढोकरा कला, कोसा को नई पहचान मिली है।

शाह ने कहा, जहां सांस्कृतिक गलियारा बनना था, वहां रेड कॉरिडोर बना दिया गया। बच्चे के हाथ में कलम होनी थी, उसे बंदूक थमा दी। जहां स्कूल की घंटी बजनी थी, वहां स्कूल उड़ा दिया। मानवाधिकार के नाम पर नक्सलवाद का समर्थन करने वालों से पूछता हूं, क्या मानवाधिकार बंदूक लेकर विकास रोकने वाले का होता है, गरीब आदिवासी का नहीं? मोदी सरकार ने गरीब आदिवासी का मानवाधिकार स्थापित किया है। जिनके हाथ-पैर नक्सलियों ने छीने, उन्हें कृत्रिम अंग देकर खड़ा कर रहे हैं।

विपक्ष ने हमेशा नक्सलियों का समर्थन किया। पूर्व गृह मंत्री कहते थे हथियार डालने की जरूरत नहीं, बस उत्पात न करो। हमने कहा, हथियार डालोगे तो मुख्यधारा में लाएंगे, वरना जवान दो-दो हाथ करेंगे। नतीजा 90% नक्सलियों ने सरेंडर किया, 10% ही मारे गए। आज देश नक्सलमुक्त हुआ। नक्सलियों ने ‘जनताना सरकार’ बनाकर निर्दोष पत्रकारों, समाजसेवियों को फांसी दी। जो नेता उस जनताना सरकार का समर्थन करते थे, वे अब नकली संसद बनाकर असली संसद का मजाक उड़ा रहे हैं। हाथ में संविधान लेकर घूमने से सम्मान नहीं होता, आचरण संवैधानिक होना चाहिए।

शाह ने कहा, नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ आने वाले दिनों में देश के टॉप-3 पर्यटन राज्यों में होगा। चित्रकोट, तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी, बस्तर दशहरा में दुनिया भर से पर्यटक आएंगे। पहले कहा जाता था धरती अमीर है, लोग गरीब। 10 साल में धरती भी अमीर होगी और लोग भी। बजट 30 गुना, प्रति व्यक्ति आय 17 गुना, GSDP 25 गुना बढ़ा। ITI 2 गुना, इंजीनियरिंग कॉलेज 3 गुना, पॉलिटेक्निक 6 गुना बढ़े। साक्षरता 65% से 79% हुई। हम छत्तीसगढ़ को भय से भरोसे और संसाधन से समृद्धि की ओर ले जाएंगे।

You Missed