रायपुर, 25 अगस्त 2026। रक्षाबंधन से पहले राजधानी रायपुर में आज राखी की एक ऐसी डोर बंधी, जिसमें भाई-बहन का सच्चा प्यार भी था, शहादत का सम्मान भी और सालों तक नक्सल हिंसा का दर्द झेलने वाले परिवारों के प्रति अपनापन भी। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम में नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए उप निरीक्षक युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधी।

मुख्यमंत्री ने कहा, मेरी कोई सगी बहन नहीं है। हम लोग भाई ही भाई हैं। आज माधुरी जी ने मेरी कलाई पर राखी बांधी है। मुझे सगी बहन से भी बढ़कर बहन मिली है।मुख्यमंत्री के इन शब्दों के साथ पूरा माहौल भावुक हो गया। एक तरफ वह बहन थी, जिसने देश और प्रदेश की सुरक्षा के लिए अपने पति को खोया था, दूसरी तरफ प्रदेश के मुखिया थे, जिन्होंने उसकी राखी को सिर्फ रक्षा सूत्र नहीं, बल्कि जीवनभर निभाए जाने वाले भाई-बहन के आत्मीय रिश्ते के रूप में स्वीकार किया।

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि शहीद युगल किशोर वर्मा का परिवार उनका अपना परिवार है। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवार कभी अकेले नहीं हैं। उनके सुख-दुख, सम्मान और भविष्य की चिंता करना सरकार की जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि हम सभी का अपना कर्तव्य है। आज बहन माधुरी ने राखी बांधी है तो एक भाई के रूप में उनके परिवार के प्रति जिम्मेदारी और भी गहरी हो गई है।

मुख्यमंत्री ने शहीद उप निरीक्षक युगल किशोर वर्मा के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अपने वीर जवानों और उनके परिवारों का हमेशा ऋणी रहेगा। हमारे जवानों ने अपना आज इसलिए कुर्बान किया, ताकि छत्तीसगढ़ की आने वाली पीढ़ियों का कल सुरक्षित हो सके।

You Missed