रायपुर, 19 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार खनन प्रभावित इलाकों में लोगों की जरूरत के हिसाब से विकास के कामों को प्राथमिकता दे रही है। इसी कड़ी में रायगढ़ जिले में जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) के पैसों से शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कामों के लिए 9 करोड़ 3 लाख 66 हजार 149 रुपये की मंजूरी दी गई है। डीएमएफ मद से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), धरमजयगढ़ में अलग-अलग निर्माण और विकास कार्यों के लिए 8 करोड़ 73 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इस पैसे से लड़कों और लड़कियों के लिए छात्रावास, मीटिंग हॉल, शौचालय बनाए जाएंगे। साथ ही पुराने भवन की मरम्मत और जीर्णोद्धार भी होगा। इन सुविधाओं के बनने से संस्थान की बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और ट्रेनिंग के काम बेहतर तरीके से हो सकेंगे।

घरघोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कुडुमकेला स्थित हाईस्कूल में बच्चों की सामूहिक गतिविधियों और प्रार्थना के लिए 5 लाख रुपये की लागत से प्रार्थना शेड बनाया जाएगा। इसके लिए डीएमएफ मद से मंजूरी मिल गई है।गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छाल के लिए 1 बीएलएस एम्बुलेंस खरीदने के लिए 25 लाख 66 हजार 149 रुपये मंजूर किए गए हैं। एम्बुलेंस मिलने से आपात स्थिति में मरीजों को समय पर बड़े अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी और गांव की स्वास्थ्य सेवा बेहतर होगी। डीएमएफ मद से मंजूर इन कामों से खन प्रभावित इलाकों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। लोगों की जरूरत को ध्यान में रखकर किए जा रहे इन विकास कार्यों से इलाके का समग्र और संतुलित विकास होगा।

You Missed