रायपुर, 19 अगस्त 2026। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आज मंत्रालय, महानदी भवन में भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन के 2 सितंबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे की तैयारियों को लेकर राज्य स्तरीय अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा, प्रोटोकॉल, ट्रैफिक, इलाज, स्वागत और कार्यक्रम स्थल की जरूरी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

बता दें कि उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन 2 सितंबर को रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन के दौरे के दौरान सभी व्यवस्थाएं तय प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार हों। उन्होंने एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक और वापसी के समय एंट्री और एग्जिट प्लान समेत सभी व्यवस्थाओं को आपसी तालमेल से अंतिम रूप देने को कहा।

मुख्य सचिव ने एयरपोर्ट पर स्वागत, रिसेप्शन लाइन, एम्स में स्वागत और अन्य प्रोटोकॉल की व्यवस्था के लिए रायपुर कलेक्टर को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पुलिस की उचित तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने को भी कहा। मुख्य सचिव ने उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा के लिए गृह विभाग को जरूरी कार्रवाई करने को कहा। साथ ही रुकने की व्यवस्था, लाइट और बिजली, इलाज की सुविधा और आपातकालीन इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर जरूरी व्यवस्थाओं पर खास ध्यान देने और सभी विभागों को मिलकर काम करने को कहा। बैठक में कार्यक्रम की बैठक व्यवस्था भारत सरकार के तय प्रोटोकॉल और मिले डायस प्लान के अनुसार करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम की शुरुआत में वंदे मातरम् और राष्ट्रगान सहित तय प्रोटोकॉल के अनुसार सभी जरूरी व्यवस्थाएं करने को कहा गया। मुख्य सचिव ने एम्स प्रबंधन और अधिकारियों को भी दीक्षांत समारोह की सभी व्यवस्थाएं अच्छे से करने के निर्देश दिए।

You Missed