रायपुर, 23 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर जिले के नगर निगम बीरगांव में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बीरगांव नगर निगम क्षेत्र को 135 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने इन कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करने के साथ ही क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए लगभग 110 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीरगांव तेजी से विकसित हो रहा शहरी क्षेत्र है। औद्योगिक गतिविधियों और बढ़ती आबादी के हिसाब से यहां सड़क, पेयजल, स्वच्छता, सीवरेज, खेल सुविधाओं और अन्य नागरिक अधोसंरचनाओं को मजबूत करने की जरूरत है। राज्य सरकार इन जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। पिछले ढाई सालों में बीरगांव नगर निगम क्षेत्र को 160 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज लोकार्पित और भूमिपूजन किए गए विकास कार्यों में नगर निगम से संबंधित 94 करोड़ रुपये से अधिक और लोक निर्माण विभाग के 38 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही नगरोत्थान योजना के तहत लगभग 16 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। इन कार्यों के पूरा होने से बीरगांव और आसपास के क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, खेल अधोसंरचना सहित कई बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीरगांव में मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय का निर्माण भी किया जाएगा। प्रदेश में 10 मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय विकसित किए जा रहे हैं। ऑनलाइन रजिस्ट्री और स्वतः नामांतरण जैसी व्यवस्थाओं से जमीन संबंधी सेवाओं को सरल बनाया गया है। मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय के बनने से बीरगांव और आसपास के लोगों को जमीन की रजिस्ट्री से जुड़ी सेवाएं ज्यादा सुविधाजनक तरीके से मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने बीरगांव के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणा की। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण के लिए 82 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इससे क्षेत्र में सीवेज प्रबंधन की व्यवस्था मजबूत होगी और स्वच्छता का स्तर बेहतर होगा। मुख्यमंत्री ने ओवरहेड टैंक और पाइपलाइन विस्तार के लिए 10 करोड़ रुपये, अधोसंरचना मद से सड़क और नाली निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये और सरोरा में खेल मैदान के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने बीरगांव में विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए आधुनिक पढ़ाई की सुविधाओं से युक्त नालंदा परिसर के निर्माण के लिए भी 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने व्यास तालाब तिराहा से बीरगांव नाला तक स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए एक करोड़ रुपये और बुधवारी बाजार बीरगांव से नगर निगम कार्यालय तक स्ट्रीट लाइट के लिए 50 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रावांभाठा में बिजली और मरम्मत के लिए 50 लाख रुपये, सर्व मांगलिक भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये और शासकीय महाविद्यालय में ई-लाइब्रेरी निर्माण के लिए 89 लाख रुपये देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बीरगांव में छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल का जोन कार्यालय शुरू करने की भी घोषणा की। बीरगांव नगर निगम क्षेत्र के रावांभाठा, बंजारी नगर, शक्तिपारा, मठपारा, शीतलापारा, उरकुरा और मजदूर नगर सरोरा में सर्वे कराकर पात्र लोगों को नियमानुसार आवासीय पट्टे देने की घोषणा की। साय ने बीरगांव नगर निगम को दो नए अग्निशमन वाहन भी सौंपे। इससे नगर निगम क्षेत्र में अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं की क्षमता और मजबूत होगी।