रायपुर, 23 सितंबर, 2026। छत्तीसगढ़ के युवाओं में नए आइडिया, उद्यमिता विकास और तकनीक को व्यवसाय में बदलने को बढ़ावा देने के लिए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर द्वारा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान भिलाई, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर, भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान नवा रायपुर, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, छत्तीसगढ़ बायोटेक प्रमोशन सोसायटी और राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के संयुक्त तत्वावधान में 28 से 30 सितंबर 2026 तक “छत्तीसगढ़ यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव 2026” का आयोजन कृषि मंडपम, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में किया जाएगा। राज्य में उद्यमिता और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने वाले इस यूथ कॉन्क्लेव में प्रदेश भर से लगभग एक हजार से ज्यादा नए सोच वाले युवा उद्यमियों के शामिल होने की उम्मीद है।
इस तीन दिन के यूथ कॉन्क्लेव 2026 का उद्घाटन 28 सितंबर को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका करेंगे और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कृषि मंत्री रामविचार नेताम और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के पहले और एकमात्र बायोटेक्नोलॉजी सेक्टर-केंद्रित सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर के नए भवन का शुभारंभ भी किया जाएगा। यूथ कॉन्क्लेव के दौरान युवा नेतृत्व वाले उद्यमों और संस्थागत नवाचारों को दिखाने वाली “नवाचार एवं स्टार्टअप प्रदर्शनी” भी लगाई जाएगी और टॉप तीन स्टार्टअप्स को पुरस्कृत किया जाएगा। यूथ कॉन्क्लेव में शामिल होने के इच्छुक युवा छात्र और उद्यमी 25 सितंबर 2026 तक पंजीयन करवा सकते हैं।
“यूथ कॉन्क्लेव 2026” नवाचार अनुसंधान, तकनीक हस्तांतरण, स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय पहल है। कॉन्क्लेव के माध्यम से प्रदेश के युवाओं, विद्यार्थियों, शोधार्थियों, नए आइडिया देने वालों, स्टार्टअप्स, उद्यमियों, निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों, इनक्यूबेटर्स, शिक्षाविदों और विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों को एक साझा मंच दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ में लागू नवाचार एवं स्टार्टअप संवर्धन नीति 2025-30 को तेजी से लागू करना इस कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य है। इसके माध्यम से युवाओं में नए आइडिया और उद्यमिता की भावना को बढ़ावा देने, स्थानीय जरूरतों और समस्याओं के तकनीकी और व्यावसायिक समाधान विकसित करने और राज्य के स्टार्टअप्स और नवाचारों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए जरूरी मंच और अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इस कार्यक्रम में कुल चार तकनीकी सत्रों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान तकनीकी सत्र, विशेषज्ञों का व्याख्यान, स्टार्टअप प्रदर्शनी, स्टार्टअप पिचिंग, निवेशक/स्टार्टअप संवाद, नीति संवाद, मेंटरशिप एवं इनक्यूबेशन सत्र और उत्कृष्ट नवाचारों एवं स्टार्टअप्स को पुरस्कार दिया जाएगा। तीन टॉप युवा नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स को क्रमशः एक लाख रुपये, पचहत्तर हजार रुपये और पचास हजार रुपये की राशि से पुरस्कृत किया जाएगा।
इस कॉन्क्लेव में लगभग 1000 प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है, जिनमें युवा, उच्च शिक्षा के विद्यार्थी, शोधार्थी, स्टार्टअप संस्थापक, नए आइडिया देने वाले, उद्यमी, निवेशक, उद्योग प्रतिनिधि, इनक्यूबेटर, मेंटर, शिक्षाविद और विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। इस आयोजन से प्रदेश के युवाओं को अपने नए विचारों और तकनीकी समाधानों को विशेषज्ञों, उद्योगों और संभावित निवेशकों के सामने रखने का अवसर और लाभ मिलेगा। यूथ कॉन्क्लेव 2026 में भाग लेने के इच्छुक युवा छात्र https://forms.gle/UL4UoMW8zi9VxyjQ9 और युवा नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स https://forms.gle/vH7RYusdHmmFUsxK6 पर 25 सितंबर 2026 तक पंजीयन कर सकते हैं।