रायपुर, 25 सितंबर 2026। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत और सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रखा है। सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि भारी बारिश के कारण कहीं भी किसी प्रकार की जरूरत आती है तो तत्काल जरूरी कदम उठाए जाएं। आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।”
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी भारी बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिक अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। मुख्यमंत्री ने लोगों से नदी-नालों, जलप्रपातों और उफनते जलस्रोतों के पास नहीं जाने की अपील की है, क्योंकि पानी का बहाव अचानक बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि पानी से भरे पुल-पुलियों और सड़कों को किसी भी स्थिति में पार करने की कोशिश न करें और जिन जगहों पर सुरक्षा की दृष्टि से बैरियर लगाए गए हैं, वहां प्रशासन के निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी बारिश के दौरान बिना जरूरत यात्रा करने से बचें, खासकर रात के समय अतिरिक्त सावधानी रखें। गिरे हुए बिजली के तारों या बिजली से जुड़े किसी खतरे से दूर रहें और इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग, स्थानीय प्रशासन या पुलिस को दें। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने और उन्हें अकेले बाहर नहीं जाने देने की अपील की। पहाड़ी क्षेत्रों और भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों पर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल 112 या स्थानीय प्रशासन से तुरंत संपर्क करें। मौसम और राहत संबंधी जानकारी के लिए केवल शासन-प्रशासन और अन्य अधिकृत स्रोतों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें और अफवाहों या भ्रामक संदेशों को आगे न बढ़ाएं। कठिन परिस्थितियों में सतर्कता, संयम और आपसी सहयोग सबसे महत्वपूर्ण है। अपने आसपास किसी व्यक्ति को सहायता की जरूरत हो तो उसकी यथासंभव मदद करें और जरूरत पड़ने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें।