रायपुर, 24 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय जनता पार्टी में छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों में नई संगठनात्मक जिम्मेदारी पाने वाले वरिष्ठ पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की मंगलकामना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि समर्पित कार्यकर्ता, अनुभवी नेतृत्व और संगठन के प्रति निष्ठा भाजपा की ताकत रही है। उन्हें भरोसा है कि नई जिम्मेदारी संभालने वाले सभी वरिष्ठ पदाधिकारी अपने लंबे संगठनात्मक अनुभव और कुशल मार्गदर्शन से संगठन को और मजबूत करेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) शिवप्रकाश को फिर से छत्तीसगढ़ का प्रभार मिलने पर मुख्यमंत्री ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवप्रकाश का छत्तीसगढ़ से पुराना और आत्मीय जुड़ाव रहा है। उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव, कुशल मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद का लाभ प्रदेश संगठन को मिलता रहा है। उनके मार्गदर्शन में प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और कार्यकर्ताओं की क्षमता को संगठन की ताकत में बदलने के प्रयास और अधिक मजबूत होंगे।
मुख्यमंत्री ने कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाए जाने पर उनका छत्तीसगढ़ की धरती पर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सिंह का व्यापक संगठनात्मक अनुभव और कार्यकर्ताओं के साथ सहज समन्वय प्रदेश संगठन के लिए बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि उनके मार्गदर्शन में संगठनात्मक कार्यों को नई गति मिलेगी और बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।
वहीं अजय जम्वाल को महाराष्ट्र भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री के रूप में अजय जम्वाल के साथ काम करने का मौका मिला। उनके मार्गदर्शन, दूरदर्शी सोच और संगठन के प्रति समर्पण ने कार्यकर्ताओं को लगातार प्रेरित किया और संगठनात्मक कार्यों को मजबूती दी। उनका व्यापक अनुभव महाराष्ट्र में भी संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।
पवन साय को झारखंड में प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ में उनके लंबे संगठनात्मक योगदान को विशेष रूप से याद किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश महामंत्री (संगठन) के रूप में पवन साय ने संगठन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं को जोड़ने में अहम भूमिका निभाई। उनका सरल, सहज और सौम्य व्यक्तित्व, संगठन के प्रति समर्पण और हर कार्यकर्ता से आत्मीय जुड़ाव उनकी खास पहचान है। उनके अनुभव और संगठनात्मक कौशल से झारखंड में भी संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।