रायपुर, 24 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों और छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश में भाजपा की जीत पर उठाए गए सवालों पर पलटवार करते हुए कहा है कि देश की जनता का भरोसा खो चुकी कांग्रेस चुनाव हारने के बाद अपनी नीतियों, नेतृत्व और काम करने के तरीके पर आत्ममंथन करने के बजाय हर बार हार का कोई नया बहाना ढूंढती है। कभी-कभी चुनाव जीतने पर उन्हें ईवीएम ठीक नजर आती है, लेकिन हारते ही कभी ईवीएम पर ठीकरा फोड़ते हैं तो कभी एसआईआर पर।
बता दें कि राहुल गांधी ने गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए और लोकसभा और विधानसभा चुनावों में कथित गड़बड़ियों का दावा किया, जिसमें उन्होंने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के चुनाव का भी जिक्र किया था। मुख्यमंत्री ने एम कहा कि लोकतंत्र में हार और जीत स्वाभाविक है। जनता जिस दल को जनादेश देती है, उसे सरकार चलाने की जिम्मेदारी मिलती है और जिसे जनादेश नहीं मिलता, उसे जनता के बीच जाकर अपना भरोसा फिर से हासिल करना चाहिए।
चुनाव नतीजों पर बार-बार शक जताने से कांग्रेस को जनता का भरोसा वापस नहीं मिलेगा। इसके लिए उसे अपनी नीतियों और काम करने के तरीके पर गंभीरता से सोचना होगा। वहीं छत्तीसगढ़ में भाजपा की नवनियुक्त प्रभारी स्मृति ईरानी पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के टिप्पणी पर तंज कसते हुए कहा कि भूपेश बघेल पहले अपनी चिंता कर लें। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल को पंजाब की जनता ने “किक आउट” किया है।