रायपुर, 22 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के घर पर आयोजित तीज मिलन समारोह में शामिल हुए। पारंपरिक उल्लास और आत्मीय माहौल में हुए समारोह में मुख्यमंत्री ने माताओं-बहनों से मिलकर उन्हें तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं में मातृशक्ति का विशेष स्थान है। माताओं-बहनों का सम्मान, उनकी सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीज का पर्व हमारी समृद्ध संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और आपसी रिश्तों से जुड़ा हुआ है। भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा का यह पर्व परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना का अवसर है। उन्होंने भगवान शिव और माता पार्वती से प्रदेश की सभी माताओं-बहनों और उनके परिवारों के सुखी, समृद्ध और स्वस्थ जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीज का पर्व भले ही बीत चुका है, लेकिन आज इतनी बड़ी संख्या में माताओं-बहनों के बीच तीज मिलन का अवसर बहुत सुखद और आत्मीय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति में शुरू से ही मातृशक्ति को सबसे ऊंचा सम्मान दिया गया है। हमारे वेदों, पुराणों और सामाजिक परंपराओं में नारी के सम्मान और उसकी गरिमा का संदेश है। हमारी संस्कृति कहती है – “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः”, यानी जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। एक मां परिवार की पहली शिक्षक और संस्कारों की नींव होती है। माताओं-बहनों की मेहनत, त्याग और आशीर्वाद से ही परिवार मजबूत होता है और मजबूत परिवार से सशक्त समाज और समृद्ध प्रदेश बनता है। इसलिए राज्य सरकार महिलाओं को सिर्फ योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में बराबर की भागीदार मानकर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना प्रदेश की माताओं-बहनों के आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बनी है। योजना के तहत 68 लाख से ज्यादा महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने एक हजार रुपये की राशि सीधे भेजी जा रही है। अब तक 31 किस्तों के जरिए 20 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि महिलाओं के खातों में पहुंचाई जा चुकी है। प्रदेश में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। यह बदलते और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की सुखद तस्वीर है।
प्रदेश में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से फिल्म सिटी बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी गई है और रोज लगभग 1600 आवासों का निर्माण किया जा रहा है। गांवों तक आवास, पेयजल, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को तेजी से लागू किया जा रहा है।