रायपुर, 23 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट करते हुए कहा है कि स्मृति ईरानी का लंबा राष्ट्रीय अनुभव, राष्ट्रसेवा और संगठन के प्रति समर्पण निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ में संगठन और जनसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत बनाएगा।
मुख्यमंत्री ने सिद्धार्थ शम्भू को छत्तीसगढ़ भाजपा का सह-प्रभारी बनाए जाने पर भी बधाई देते हुए भरोसा जताया कि उनकी सक्रिय भागीदारी से प्रदेश में संगठनात्मक कार्यों को और गति मिलेगी। उन्होंने पत्थलगांव विधायक और रायगढ़ की पूर्व सांसद गोमती साय को गुजरात भाजपा का सह-प्रभारी और छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सौरभ सिंह को झारखंड भाजपा का सह-प्रभारी बनाए जाने पर भी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर संगठन की जिम्मेदारियां मिलना प्रदेश के लिए खुशी और गर्व की बात है। गोमती साय के लंबे सार्वजनिक अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण से गुजरात में संगठन को लाभ मिलेगा, वहीं सौरभ सिंह की संगठनात्मक क्षमता और सक्रिय कार्यशैली से झारखंड में संगठनात्मक कार्यों को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नवनियुक्त सभी प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों को भी हार्दिक बधाई और सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी हैं।