रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित 2 दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेला 2026 के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने चयनित युवाओं को ऑफर लेटर दिए। इस रोजगार मेले में 13 हजार से ज्यादा युवाओं ने हिस्सा लिया, जिसमें से 5 हजार से ज्यादा का अंतिम चयन हुआ। सभी जिलों के साथ दूरस्थ और आदिवासी अंचलों से भी युवा आए। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को अच्छी शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार देना सरकार की पहली प्राथमिकता है। हम चाहते हैं कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को पढ़ाई और नौकरी के मौके अपने ही प्रदेश में मिलें। पिछले ढाई साल में प्रदेश में 925 रोजगार मेलों का आयोजन हुआ है, जिससे 25,845 से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिला है।

उन्होंने कहा कि आज शिक्षा के साथ उद्योगों की जरूरत के अनुसार कौशल भी जरूरी है। प्रदेश में IIT, IIM, Triple IT, AIIMS, लॉ यूनिवर्सिटी जैसे बड़े संस्थान हैं। ‘प्रयास’ जैसी संस्थाओं से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जा रही है। इस मेले में 95 से ज्यादा पंजीकृत कंपनियों ने हिस्सा लिया। 50 स्टॉल लगाए गए, जहां ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, ग्रेजुएट युवाओं के लिए इंटरव्यू और चयन हुआ।

इस बार पूरी प्रक्रिया ई-रोजगार पोर्टल से ऑनलाइन की गई, जिससे चयन आसान और पारदर्शी रहा। सरकार अब इसे ‘स्किल मार्केट’ के रूप में विकसित करेगी। इसमें एक ही जगह कंपनियों की जरूरत और युवाओं की योग्यता की जानकारी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने जिन युवाओं का चयन नहीं हुआ, उनसे कहा कि निराश न हों, आगे भी रोजगार मेले और कौशल विकास कार्यक्रम होते रहेंगे। कार्यक्रम में पॉलिटेक्निक संस्थानों की गुणवत्ता सुधार के लिए क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया की मूल्यांकन रिपोर्ट का विमोचन भी किया गया।

You Missed