रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी की धरती जगदलपुर में विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा उत्सव में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि लगभग 75 दिनों तक चलने वाला यह अनूठा उत्सव छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक गौरव, सामूहिक आस्था और जनजातीय विरासत का जीवंत प्रतीक है। राष्ट्रपति ने कहा कि बस्तर दशहरा की सबसे बड़ी खासियत इसमें सभी समुदायों की भागीदारी है। रथ बनाने से लेकर रथ खींचने, पूजा और अनुष्ठानों तक हर समुदाय अपनी जिम्मेदारी निभाता है। यह सामाजिक एकता और सहयोग का बड़ा उदाहरण है।

राष्ट्रपति ने कहा कि बस्तर दशहरा में आयोजित मुरिया दरबार जमीनी स्तर पर लोकतंत्र का बेहतरीन उदाहरण है। इसमें समाज के सभी वर्ग एक साथ बैठकर जनसमस्याओं पर चर्चा करते हैं और समाधान निकालते हैं। ऐसी परंपराएं लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर पंडुम जैसे आयोजन युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ते हैं और बस्तर ओलंपिक में युवाओं की भागीदारी सराहनीय है। उचित मंच मिलने पर बस्तर के युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत सकते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि जनजातीय समाज में पेड़-पौधों और जंगलों को जीवनदाता माना जाता है। प्रकृति हमें ऑक्सीजन, जल, भोजन और दवाएं देती है, इसलिए उसका संरक्षण जरूरी है। एक पेड़ को बड़ा होने में दशकों लगते हैं, इसलिए अधिक से अधिक पेड़ लगाएं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब नक्सलवाद से मुक्ति के बाद विकास की नई संभावनाएं खुल रही हैं।

वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए कहा कि इस साल बस्तर दशहरा खास है। राष्ट्रपति की मौजूदगी से उत्सव की गरिमा बढ़ी है और बस्तर हिंसक माओवाद से मुक्त होकर नए निर्माण की ओर बढ़ रहा है।

सरकार ने बस्तर के विकास के लिए रोडमैप बनाया है। नियद नेल्लानार योजना से दूरस्थ क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। रायपुर से रावघाट तक नई रेल सेवा शुरू हुई है, रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे का बड़ा हिस्सा बस्तर से गुजरता है। पर्यटन के लिए होम-स्टे, वन धन केंद्रों से वनोपज का उचित मूल्य, जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और गीदम में मेडिकल कॉलेज शुरू किया गया है।

संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में परंपरागत प्रतिनिधियों का मानदेय बढ़ाया गया है। मांझियों का मासिक मानदेय 2000 से बढ़ाकर 5000 रुपये और चालकियों का मानदेय 1500 से बढ़ाकर 3500 रुपये किया गया है। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्रीगण, सांसद महेश कश्यप सहित बड़ी संख्या में मांझी-चालकी, मेंबर-मेंबरिन और ग्रामीण उपस्थित थे।

You Missed