रायपुर, 18 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में धान खरीदी महाअभियान सुचारू रूप से आगे बढ़ रहा है। किसानों की सुविधा के लिए लागू ऑनलाइन टोकन प्रणाली का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। अब तक प्रदेश में 4 लाख 68 हजार 722 टोकन जारी किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से किसानों ने करीब 24.40 लाख मीट्रिक टन धान बेचने के लिए टोकन लिया है।
खरीफ विपणन साल 2026-27 में 18 नवंबर तक प्रदेश के 37 हजार 792 किसानों से 1 लाख 44 हजार 405 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। इस दौरान कुल 38 हजार 139 टोकन पर धान की खरीदी हुई। वहीं, 18 नवंबर को एक ही दिन में 12 हजार 554 टोकन पर 48 हजार 297 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसानों की मेहनत का पूरा सम्मान और उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है। प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। किसानों को धान बेचने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए उपार्जन केंद्रों में सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।
राज्य सरकार ने धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल और किसान हितैषी बनाया है। ऑनलाइन टोकन प्रणाली से किसानों को घर बैठे धान बेचने की तारीख तय करने की सुविधा मिल रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धान खरीदी के दौरान किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए और उपार्जन केंद्रों में सभी व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें।