रायपुर, 20 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में “गौ सेवा संगम और गौ विज्ञान परीक्षा पुरस्कार समारोह” में शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने पूरे प्रदेश में ‘मेरा परिवार गौव्रति परिवार’ अभियान की शुरुआत की और पेड़ लगाने वाले अभियान का पोस्टर भी जारी किया। साथ ही गौ विज्ञान परीक्षा में अच्छे नंबर लाने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गौमाता हमारी संस्कृति, गांव की अर्थव्यवस्था, जैविक खेती और पर्यावरण की नींव है। गाय की रक्षा करना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। जब हर घर गौसेवा का संकल्प लेगा तभी ये एक बड़ा जनआंदोलन बनेगा। नई पीढ़ी संस्कृति और विज्ञान दोनों से जुड़ रही है। गाय सिर्फ पूजा की चीज नहीं है। ये खेती, सेहत, पर्यावरण और गांव की तरक्की से भी जुड़ी है। बच्चों को गाय के वैज्ञानिक और सांस्कृतिक महत्व के बारे में बताने के लिए गौ विज्ञान परीक्षा कराई गई है।

बता दें कि इस साल प्रदेश के स्कूल-कॉलेज के 1 लाख 64 हजार से ज्यादा छात्रों ने इस परीक्षा में हिस्सा लिया। इतने बच्चों का जुड़ना इस बात का संकेत है कि नई पीढ़ी अपनी संस्कृति और पर्यावरण को लेकर जागरूक हो रही है। मुख्यमंत्री ने सभी बच्चों को बधाई दी और कहा कि ये बच्चे आगे चलकर गौ संरक्षण के संदेशवाहक बनेंगे।

जनता के साथ से ही बचेगी गाय
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ संरक्षण के लिए हर नागरिक को आगे आना होगा। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे अपने घर और मोहल्ले में लोगों को गाय की सेवा और सुरक्षा के बारे में बताएं। उन्होंने “न्योता भोज” जैसी योजना की भी तारीफ की। इसमें लोग अपने जन्मदिन या याद में स्कूल के बच्चों को खाना खिलाते हैं। इससे बच्चों को अच्छा खाना मिलता है और समाज भी स्कूल से जुड़ता है।

गोबर से बन रहा रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय का दूध, दही, गोबर और गोमूत्र सब काम आता है। आज गोबर से कई सामान बन रहे हैं जिससे गांव में रोजगार मिल रहा है। सरकार गोबर और गोमूत्र से चीजें बनाने की ट्रेनिंग भी देगी, ताकि गौपालन से अच्छी कमाई हो सके। इसके अलावा सरकार अब पंजीकृत गौशालाओं में हर गाय के चारे के लिए 35 देगी, पहले 20 रुपये दिए जाते थे। आधुनिक सुविधाओं वाले बड़े गौधाम बनाए जा रहे हैं। वहां डॉक्टर, चरवाहे और दूसरी सभी सुविधाएं होंगी।बस्तर में NDDB की मदद से देसी गाय देने की योजना शुरू हुई है। इससे दूध उत्पादन बढ़ा है। अब इस योजना का लाभ यादव समाज और दूसरे पशुपालकों को भी दिया जाएगा।