रायपुर, 09 अगस्त 2026। असम में बाढ़ की वजह से बनी गंभीर स्थिति के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इंसानियत और राज्यों के बीच सहयोग की भावना दिखाते हुए बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की तरफ से 5 करोड़ रुपये देने का फैसला किया है। ये रकम असम में चल रहे राहत और पुनर्वास के कामों में खर्च की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से फोन पर बात की और राज्य में बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बाढ़ से प्रभावित परिवारों के प्रति दुख जताते हुए कहा कि इस प्राकृतिक आपदा की कठिन घड़ी में छत्तीसगढ़ की जनता असम के अपने भाई-बहनों के साथ पूरी एकजुटता से खड़ी है।
बता दें कि असम में बाढ़ की स्थिति अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है। राज्य में इस साल बाढ़ से संबंधित घटनाओं में अब तक 99 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 1.47 लाख से अधिक लोग अभी भी बाढ़ की चपेट में हैं। कई प्रभावित क्षेत्रों में घर और सड़कें पानी में डूबी हुई हैं। हालात के चलते बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में जाना पड़ा है।