जशपुर, 04 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा और सभा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता का विश्वास है। कांग्रेस अपनी हार को स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर भ्रम फैला रही है, लेकिन जनता इसे समझती है और चुनाव में जवाब देती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने करीब 55 साल केंद्र में राज किया, फिर भी जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। उसके शासन में भ्रष्टाचार, घोटालों और कुशासन ने देश की तरक्की को रोका। कोयला और जमीन घोटालों से जनता का कांग्रेस से विश्वास उठ गया। आज कांग्रेस आत्ममंथन के बजाय भ्रम और अविश्वास फैला रही है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सबसे ऊपर है। विश्वास जीतने के लिए लोगों के बीच रहकर काम करना पड़ता है, उनकी समस्या सुलझानी पड़ती है। कांग्रेस को संस्थाओं पर सवाल उठाने के बजाय अपने शासन का हिसाब देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास में नई ऊंचाई पर पहुंचा है। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति दिखाई है। आज देश की सुरक्षा और सम्मान सबसे बड़ी प्राथमिकता है। मोदी जी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। उसी दिशा में छत्तीसगढ़ भी विकसित राज्य बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का काम सिर्फ घोषणा करना नहीं, बल्कि लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। मोदी की गारंटी के अनुसार योजनाएं जमीन पर उतारी जा रही हैं। 1 नवंबर को राज्य स्तरीय और 2 नवंबर को जिला स्तरीय राज्योत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। उन्होंने सभी को 26वें स्थापना दिवस की बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने भी 3 करोड़ से ज्यादा छत्तीसगढ़वासियों को शुभकामनाएं दीं, इससे प्रदेश को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत समर्पित कार्यकर्ता हैं। सभी को जनसेवा और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में जुटने का आह्वान किया।