जशपुर, 4 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज फरसाबहार ब्लॉक के ग्राम बनगांव में आंचलिक करम पूजा महोत्सव 2026 के समापन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने करम राजा की पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। भगवान महादेव, माता पार्वती, छत्तीसगढ़ महतारी और धरती आबा बिरसा मुंडा की तस्वीर के सामने दीप जलाकर नमन किया। महोत्सव में जनजातीय संस्कृति की मनमोहक झलक देखने को मिली। अलग-अलग क्षेत्रों से आए नर्तक दलों सहित उरांव समाज के 6 हजार से ज्यादा लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में मांदर और ढोल-नगाड़ों की थाप पर करम राजा के चारों ओर सामूहिक नृत्य किया। मुख्यमंत्री भी नर्तक दलों के साथ नाचे और सभी को करम परब की बधाई दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएं भी की। उन्होंने बनगांव में सामाजिक भवन के लिए 50 लाख रुपए, सीसी रोड के लिए 20 लाख रुपए, बनगांव में अखाड़ा निर्माण और सहसपुर में मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि करम परब हमारी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली परंपरा और प्रकृति के प्रति आस्था का जीवंत प्रतीक है। हमारे पूर्वजों ने प्रकृति के साथ मिलकर जीने की परंपरा बनाई, जो आज भी प्रेरणा देती है। यह पर्व हमें प्रकृति की रक्षा, सामाजिक एकता और भाईचारे से जोड़ता है। युवा पीढ़ी आधुनिक शिक्षा और विकास के साथ अपनी जड़ों से भी जुड़ी रहे। भाषा, लोकगीत, लोकनृत्य और पर्वों से जुड़े रहना जरूरी है, तभी विरासत अगली पीढ़ी तक पहुंचेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू हो गई है। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आर्चरी अकादमी बन रही है। हर्राडांड़ में राज्य का पांचवां 400 केवी बिजली सब स्टेशन बन रहा है। सड़क, पुल, सिंचाई और बुनियादी सुविधाओं पर लगातार काम हो रहा है। विकास की रोशनी जशपुर के हर गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही सरकार का संकल्प है।