रायपुर, 31 जुलाई 2026। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग द्वारा कई जिलों में रेड और येलो अलर्ट जारी किए जाने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी जिला कलेक्टरों, SP और संबंधित अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। CM ने कहा कि इस समय नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सरकार की सबसे पहली प्राथमिकता है। राहत और बचाव काम में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
सभी कलेक्टरों को कहा गया है कि बाढ़ और पानी भरने वाले संवेदनशील इलाकों पर लगातार निगरानी रखें। जरूरत पड़े तो लोगों को पहले से ही सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जाए ताकि किसी की जान को खतरा न हो। हर जिले में राहत और बचाव की तैयारी पहले से पूरी रखी जाए। राहत शिविरों में खाना, साफ पानी, दवाइयां, बिजली, सफाई और डॉक्टर की सुविधा जरूर हो। बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग लोगों का खास ध्यान रखा जाए।
NDRF, SDRF, पुलिस, होमगार्ड, स्वास्थ्य विभाग, PWD, बिजली विभाग समेत सभी विभाग आपस में तालमेल करके तैयार रहें। नाव, राहत सामग्री और जरूरी उपकरण पहले से उपलब्ध हों ताकि आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके। जिला और राज्य स्तर पर मौसम, नदी-नालों और डैम के पानी के स्तर पर 24 घंटे नजर रखी जाए। हालात बिगड़ते ही तुरंत राहत कार्य शुरू किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने लोगों से भी अपील की है कि वे मौसम विभाग और जिला प्रशासन की सलाह मानें। नदी-नालों और पानी भरे इलाकों में अनावश्यक न जाएं। कोई भी आपात स्थिति हो तो तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचना दें। CM ने भरोसा जताया कि प्रशासन की सतर्कता और जनता के सहयोग से किसी भी आपदा का सामना आसानी से किया जा सकेगा।