रायपुर, 31 जुलाई 2026। महानदी के पानी के बंटवारे को लेकर छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच आज दिल्ली में एक अहम बैठक हुई। ये बैठक केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की पहल पर श्रमशक्ति भवन में हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ के CM विष्णुदेव साय, ओडिशा के CM मोहन चरण माझी, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और दोनों राज्यों के बड़े अधिकारी शामिल हुए।

CM साय ने कहा कि महानदी सिर्फ पानी नहीं है। इससे किसानों की खेती, पीने का पानी, उद्योग, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य जुड़ा है। छत्तीसगढ़ सरकार इस बैठक को झगड़े के रूप में नहीं देखती। CM ने कहा कि अब बातचीत और सहयोग से एक अच्छा और स्थायी हल निकलेगा। छत्तीसगढ़ ओडिशा की सिंचाई, पीने के पानी और हीराकुंड डैम की जरूरतों का सम्मान करता है। वहीं ओडिशा को भी छत्तीसगढ़ के किसानों, आदिवासी इलाकों, सूखे वाले क्षेत्रों और राज्य के भविष्य के विकास को समझना चाहिए। दोनों के हित एक-दूसरे के खिलाफ नहीं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक हैं।

दोनों राज्यों के एक्सपर्ट पानी की मात्रा और तकनीकी बातों का अध्ययन कर चुके हैं। अब जरूरत है कि उसी के आधार पर एक साफ-सुथरी योजना बने। CM ने अपने सुझाव रखे हैं कि कम बारिश वाले सालों के लिए “साझा जल प्रबंधन” की व्यवस्था हो। एक स्थायी कमेटी बने जो समय-समय पर पानी की स्थिति की समीक्षा करे। ज्यादातर तकनीकी काम अधिकारी आपस में बात करके निपटा लें। सिर्फ बड़े नीतिगत मुद्दे ही मंत्रियों के सामने आएं। इससे काम जल्दी और पारदर्शी होगा।

CM साय ने केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल और केंद्रीय जल आयोग से निष्पक्ष मदद, समय पर योजना बनाने और दोनों राज्यों के बीच एक पक्का समझौता कराने में मदद मांगी।उन्होंने PM नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का भी धन्यवाद किया। कहा कि केंद्र की मदद से ही सालों से लटके मुद्दे अब सुलझ रहे हैं।

You Missed