Screenshot

रायपुर, 30 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आज राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में छत्तीसगढ़ के गौरवशाली खेल इतिहास और खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर केंद्रित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने फोटो प्रदर्शनी में प्रदर्शित छत्तीसगढ़ की खेल विभूतियों के जीवन, संघर्ष, उपलब्धियों और खेल जगत में उनके योगदान से जुड़ी तस्वीरों और जानकारियों को देखा। उन्होंने प्रदेश के खेल इतिहास और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की इस पहल की सराहना की।

खेलों पर आधारित इस विशेष फोटो प्रदर्शनी में शहीद राजीव पाण्डेय, शहीद पंकज विक्रम, शहीद कौशल यादव और शहीद विनोद चौबे सहित छत्तीसगढ़ की कई विभूतियों के जीवन और योगदान को तस्वीरों और रोचक जानकारियों के जरिए दिखाया गया है। प्रदर्शनी में वीर हनुमान सिंह के जीवन, उनकी खेल साधना और खेल जगत में उनके बड़े योगदान को भी प्रमुखता से दिखाया गया है। प्रदर्शनी के जरिए प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के संघर्ष से सफलता तक के सफर को प्रभावी तरीके से दिखाया गया है। इसमें खिलाड़ियों की उपलब्धियों के साथ उन प्रेरक कहानियों को भी जगह दी गई है, जो नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा देने वाली हैं।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का भी विमोचन किया। इस कॉफी टेबल बुक में छत्तीसगढ़ का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों के जीवन परिचय, खेल सफर, अहम उपलब्धियों और उनके योगदान को आकर्षक तस्वीरों के साथ संकलित किया गया है। यह पुस्तक प्रदेश की खेल प्रतिभाओं की उपलब्धियों को सहेजने के साथ ही छत्तीसगढ़ की समृद्ध खेल विरासत को नई पीढ़ी से परिचित कराने का अहम माध्यम बनेगी। फोटो प्रदर्शनी और कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ को खेल एवं युवा कल्याण विभाग और जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार किया गया है। इसके जरिए छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास, प्रदेश की गौरवशाली खेल विभूतियों और वर्तमान खिलाड़ियों की उपलब्धियों को एक मंच पर पेश करने की कोशिश की गई है।

You Missed