रायपुर, 30 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी को सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ सिर्फ एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी का देश के 140 करोड़ नागरिकों से आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है। इस कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे नवाचारों, प्रेरक प्रयासों और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों की उपलब्धियों को पूरे देश के सामने रखते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देशवासियों को हर महीने के आखिरी रविवार को प्रसारित होने वाले ‘मन की बात’ कार्यक्रम का इंतजार रहता है। प्रधानमंत्री इसमें ऐसे कई विषयों और लोगों का जिक्र करते हैं, जिनके बारे में आम तौर पर देश के लोगों को जानकारी नहीं मिल पाती। इससे जहां अच्छे काम करने वाले लोगों का हौसला बढ़ता है, वहीं उनके प्रयास लाखों देशवासियों के लिए प्रेरणा बनते हैं। हमारे देश के दूरदराज गांवों और छोटे-छोटे क्षेत्रों में कई लोग बिना किसी प्रचार और स्वार्थ के समाज और राष्ट्रहित में बड़ा काम कर रहे हैं। कोई पर्यावरण बचाने में योगदान दे रहा है, कोई स्वच्छता के लिए काम कर रहा है, तो कोई स्थानीय संसाधनों के जरिए नया प्रयोग कर अपने क्षेत्र में बदलाव ला रहा है।

प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ के जरिए ऐसे सामान्य लोगों के असाधारण कामों को राष्ट्रीय पहचान देते हैं। इससे देश में सकारात्मकता और जनभागीदारी की भावना मजबूत होती है और दूसरे लोगों को भी कुछ नया और बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है। प्रधानमंत्री ने आज ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प को लेकर अहम संदेश दिया। युवा शक्ति ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। ऐसे में युवाओं को नशे से दूर रखना परिवार, समाज और राष्ट्र सभी की साझा जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा सिर्फ किसी एक व्यक्ति के जीवन को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका बुरा असर पूरे परिवार और समाज को झेलना पड़ता है। स्वस्थ, समर्थ और ऊर्जावान युवा पीढ़ी ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से नशामुक्ति के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाने और युवाओं को स्वस्थ और सकारात्मक जीवन के लिए प्रेरित करने की अपील की। ‘मन की बात’ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति देशवासियों के जबरदस्त उत्साह का भी जिक्र किया। अभियान के तहत 8 करोड़ से अधिक देशवासियों* ने तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड की। यह सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि राष्ट्रध्वज के प्रति देशवासियों के सम्मान, गौरव और गहरे भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना के जरिए महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की भी चर्चा की। रेहड़ी-पटरी और छोटे व्यवसायों से जुड़ी महिलाओं को इस योजना के जरिए अपने कारोबार को आगे बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने का मौका मिला है। योजना के लाभार्थियों में लगभग 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और देशभर में करीब 35 लाख महिलाएं इससे जुड़कर अपने छोटे व्यवसायों को नई गति दे रही हैं। आर्थिक रूप से मजबूत महिला न केवल अपने परिवार को मजबूत बनाती है, बल्कि समाज और देश की तरक्की में भी अहम भूमिका निभाती है।

You Missed