रायपुर, 25 अक्टूबर 2026। पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता पर की गई टिप्पणी पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कड़ा विरोध जताया है। सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक हताशा में भाषा की मर्यादा और भारतीय संस्कारों को भूल गई है। उन्होंने X पर पोस्ट कर लिखा कि पीएम मोदी का विरोध करते-करते उनके स्वर्गीय पिता को निशाना बनाना कांग्रेस की गिरी हुई सोच और वैचारिक दिवालियापन दिखाता है।
पीएम के प्रति द्वेष में कांग्रेस किस स्तर तक गिर रही है, ये पूरा देश देख रहा है। जनता कांग्रेस की इस ओछी राजनीति को समझ चुकी है। जब-जब कांग्रेस ने ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया है, जनता ने उसे करारा जवाब दिया है। इस बार भी जनता इसे न भूलेगी और न माफ करेगी। सीएम साय ने मांग की है कि कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे को अपने बयान के लिए देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।