रायपुर, 25 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर जिले के अभनपुर में अग्रवाल भवन में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी सुनी। इस मौके पर सीएम साय ने कहा कि ‘मन की बात’ 140 करोड़ देशवासियों से पीएम मोदी के आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए पीएम सामान्य लोगों के असाधारण कामों को राष्ट्रीय पहचान देते हैं।

सीएम ने कहा कि ये हमारे लिए गर्व की बात है कि पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में कई बार छत्तीसगढ़ का जिक्र किया है। उन्होंने बस्तर ओलंपिक, बस्तर पंडुम, कोरिया के जल संरक्षण के ‘पांच प्रतिशत मॉडल’, मल्हार के ताम्रपत्र और ‘हर घर मुनगा’ जैसे अभियानों की तारीफ की है। इससे छत्तीसगढ़ की संस्कृति और नवाचार को राष्ट्रीय मंच मिला है।

पीएम मोदी ने कार्यक्रम के 12 साल की यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने पंजाब में महिला सशक्तिकरण, उत्तराखंड में हेवल नदी के पुनर्जीवन, खादी की लोकप्रियता, वोकल फॉर लोकल, ई-संजीवनी, डीप-टेक स्टार्टअप, श्रीअन्न और अंगदान के महत्व पर बात की। साथ ही सरदार पटेल जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ में शामिल होने की अपील की। सीएम साय ने कहा कि पीएम के विचार हमें समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देते हैं। विकसित भारत के लिए विकसित छत्तीसगढ़ की भूमिका अहम है।

You Missed