रायपुर, 25 अक्टूबर 2026। रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आज भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने सत्ता और संगठन की अलग-अलग बैठकें ली। प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठकों में स्मृति ईरानी ने कहा कि हर कार्यक्रम का असर जमीनी स्तर पर दिखना चाहिए। बीजेपी कार्यकर्ता ‘मिशन-2028’ के संकल्प को पूरा करने के लिए तैयार हैं और पार्टी फिर से पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आएगी।

भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रभारी स्मृति ईरानी ने कहा है कि बीजेपी की राजनीति अनुशासन, लोकतंत्र और कार्यकर्ताओं की मेहनत पर टिकी है। बीजेपी शुचिता और सादगी की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि ‘मिशन-2028’ सिर्फ चुनावी लक्ष्य नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, विकास और सुशासन का संकल्प है। चुनाव कार्यकर्ता के पसीने और जनता से जुड़ाव से जीते जाते हैं। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाएं।

स्मृति ईरानी और सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू के रायपुर पहुंचने पर बड़े फ्लेक्स-होर्डिंग नहीं लगाए गए। सिर्फ पार्टी के झंडों के साथ उनका स्वागत किया गया। ये सादगी की राजनीति का उदाहरण है। प्रदेश कार्यालय पहुंचकर स्मृति ईरानी ने ‘स्मृति मंदिर’ में भारत माता और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की प्रतिमाओं पर फूल चढ़ाकर नमन किया।

सुबह 11 बजे ‘मन की बात’ सुनने के साथ दौरे की शुरुआत हुई। इसके बाद दिनभर बैठकों का दौर चला। जिसमें सबसे पहले प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और महामंत्रियों के साथ बैठक हुई। फिर प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा हुई। संभाग और जिला प्रभारियों व जिलाध्यक्षों की बैठक के  बाद पूर्व सांसदों और विधायकों के साथ चर्चा हुई। इसके बाद पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई और शाम निगम-मंडल और आयोग के अध्यक्षों की बैठक के साथ बैठक समाप्त हुई।

You Missed