रायपुर। सक्ती जिले के धुरकोट गांव के 10 साल के रिमोन टंडन के परिवार के लिए आज राहत का दिन रहा। दुर्लभ बीमारी से जूझ रहे रिमोन के इलाज के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तुरंत 12 लाख रुपए की मदद मंजूर की है। आज रिमोन अपने माता-पिता के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचा था। मुख्यमंत्री ने बच्चे को गोद में उठाकर दुलारा और परिवार से पूरी जानकारी ली। आर्थिक हालात सुनते ही उन्होंने 12 लाख रुपए की सहायता तुरंत मंजूर करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा – यह सिर्फ आपका नहीं, हमारा भी बेटा है। इसके स्वास्थ्य की चिंता हमारी भी जिम्मेदारी है। इलाज में कोई कमी नहीं आने देंगे। बता दें कि रिमोन ‘आइसोलेटेड ग्रोथ हार्मोन की कमी (टाइप A-1)’ नाम की दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है। डॉक्टरों ने उसके इलाज के लिए 12 लाख रुपए खर्च बताया है। किसान परिवार के लिए इतनी बड़ी रकम जुटाना मुश्किल था। रिमोन के पिता अजय कुमार टंडन खेती कर परिवार चलाते हैं। बेटे की बीमारी और महंगे इलाज से परिवार परेशान था।
अजय कुमार टंडन ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इतनी बड़ी राशि जुटाना हमारे लिए संभव नहीं था। मुख्यमंत्री ने हमारी परेशानी समझी और तुरंत मदद दी। अब बेटे के इलाज का भरोसा मिला है। मुलाकात के दौरान खुश रिमोन ने मुख्यमंत्री को गीत गाकर सुनाया। मुख्यमंत्री ने स्नेह से गीत सुना और उसे खूब पढ़ने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना गंभीर बीमारियों से जूझ रहे गरीब परिवारों के लिए बड़ा सहारा बन रही है। इसका मकसद है कि पैसे की कमी से किसी का इलाज न रुके। रिमोन के लिए 12 लाख की मदद इसी संवेदनशील सोच का उदाहरण है, जिससे एक किसान परिवार को बड़ी राहत मिली है और बच्चे के स्वस्थ होने की उम्मीद जगी है।