रायपुर, 11 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज रायपुर के मुख्यमंत्री निवास में मंत्रिपरिषद की बैठक हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में लगातार 25 साल पूरे होने पर अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने प्रेस वार्ता में कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ उपलब्धि नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रथम, जनसेवा और गरीब कल्याण के लिए समर्पित 25 साल की ऐतिहासिक यात्रा है। छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की ओर से उन्होंने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी सेवा की कामना की।
उन्होंने कहा कि JAM से लेकर GST, धारा 370 हटाने, राम मंदिर निर्माण से लेकर नक्सलवाद से मुक्ति तक के ऐतिहासिक फैसलों का अभिनंदन किया गया। साथ ही आवास, नल-जल, राशन, स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में केंद्र के सहयोग के लिए आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए टेक्नोलॉजी और जनसंवाद से शासन के नए प्रयोग किए, जिन्हें बाद में पूरे देश ने अपनाया। साल 2000 में बने छत्तीसगढ़ ने भी गुजरात मॉडल से सीखकर तेजी से विकास किया। पीएम गतिशक्ति से परियोजनाओं की निगरानी टेक्नोलॉजी से हो रही है। छत्तीसगढ़ के 20 हजार गांवों में से 14 हजार गांवों की जियो-मैपिंग हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वाइब्रेंट गुजरात की तरह छत्तीसगढ़ ने भी निवेश के लिए बड़े सुधार किए हैं। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस अधिनियम, 2026 से फैक्ट्री की अनुमतियां आसान हुई हैं। समय पर फैसला न होने पर अपने आप मंजूरी मिल जाएगी। वन क्लिक सिंगल विंडो सिस्टम से प्रक्रिया और आसान हुई है। दो जनविश्वास कानूनों से 279 गैर-जरूरी नियमों को अपराध की श्रेणी से हटाया गया है और दुकानों-व्यवसायों को 24×7 खोलने की अनुमति दी गई है। कुल 450 से ज्यादा सुधार किए गए हैं। इन सुधारों से प्रदेश को 8.50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिससे 1.60 लाख से ज्यादा रोजगार बनेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि JAM यानी जनधन-आधार-मोबाइल से 60 करोड़ लोग बैंकिंग से जुड़े हैं। DBT से सरकारी मदद सीधे खाते में पहुंच रही है। UPI ने छोटे व्यापारियों तक के लिए पेमेंट आसान किया है। छत्तीसगढ़ में किसानों की 42 लाख फार्मर ID बन चुकी हैं। ड्रोन सर्वे से 7.51 लाख ग्रामीणों को उनकी जमीन का अधिकार पत्र मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना में छत्तीसगढ़ में गांवों में 20.65 लाख और शहरों में 2.25 लाख पक्के मकान बन चुके हैं। पिछले पौने 3 साल में ही 11.78 लाख मकान बने हैं, गति में छत्तीसगढ़ देश में पहले नंबर पर है।
स्वच्छ भारत अभियान में 2,437 करोड़ की मदद से 36 लाख घरों में शौचालय और 14,970 सामुदायिक शौचालय बने हैं। 18,653 गांव ODF प्लस घोषित हुए हैं। उज्ज्वला योजना से 39.73 लाख महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन मिला है। आयुष्मान भारत में 2.49 करोड़ लोगों के कार्ड बने हैं। 51.17 लाख लोगों को 11,877 करोड़ का मुफ्त इलाज मिला है। 70 साल से ऊपर के 6.21 लाख बुजुर्गों को वय-वंदना कार्ड मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में भारत ने दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चलाया और 100 से ज्यादा देशों को वैक्सीन दी। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना से छत्तीसगढ़ के 73 लाख परिवारों के 1.99 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। केंद्र से इसमें 5,600 करोड़ की सब्सिडी मिली है।
पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ 26.57 लाख किसानों को मिला है। फसल बीमा योजना में 5,064 करोड़ का केंद्र का प्रीमियम मिला है। साल 2015 की तुलना में किसान 13.17 लाख से बढ़कर 27.53 लाख हो गए हैं और पंजीकृत रकबा 21.26 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 33 लाख हेक्टेयर हो गया है। धान खरीदी 59 लाख टन से बढ़कर 141 लाख टन हो गई है। MSP से 33,431 करोड़ और बोनस से 10,292 करोड़ का भुगतान किसानों को किया गया है। महतारी वंदन योजना से 68 लाख महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए मिल रहे हैं। 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं। बिहान से 32.39 लाख ग्रामीण परिवार 2.98 लाख स्व-सहायता समूहों से जुड़े हैं। 70 हजार से ज्यादा जनजातीय महिलाएं वन धन केंद्रों से जुड़ी हैं।
खेलो इंडिया में 8 जिलों में 48 करोड़ की मदद और 33 मिनी सेंटर मंजूर हुए हैं। बिलासपुर में हॉकी, तीरंदाजी और एथलेटिक्स के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस मंजूर हुआ है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया गया है। धरती आबा अभियान से 6 हजार से ज्यादा जनजातीय गांवों में विकास हो रहा है। पीएम जनमन योजना से 18 जिलों में 5 विशेष पिछड़ी जनजातियों के 56 हजार से ज्यादा परिवारों को मकान, सड़क, पानी जैसी सुविधाएं मिली हैं।
26 जिलों में 75 एकलव्य स्कूल चल रहे हैं। वनोपज पर MSP से 6 लाख संग्राहकों को 500 करोड़ से ज्यादा का भुगतान हुआ है। नवा रायपुर में देश का पहला डिजिटल जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय बना है। केंद्रीय करों में राज्यों का हिस्सा 32% से बढ़ाकर 42% किया गया। पिछले 12 साल में छत्तीसगढ़ को 3 लाख 46 हजार 806 करोड़ रुपए मिले हैं, जो 2004 से 2014 के बीच मिले 47,100 करोड़ से 7.4 गुना ज्यादा है।
खनिज फंड (DMF) से 17,887 करोड़ मिले और 81 हजार से ज्यादा विकास कार्य हुए। GST से 22,600 करोड़ की अतिरिक्त क्षतिपूर्ति सहायता भी मिली। नेशनल हाईवे के लिए 35,766 करोड़ की मंजूरी मिली है और 18,215 करोड़ की 37 परियोजनाओं पर काम चल रहा है। सभी जिला मुख्यालय हाईवे से जुड़ गए हैं। 6-लेन रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे प्रदेश को बंदरगाह से जोड़ेगा। बिलासपुर-उरगा-पत्थलगांव फोरलेन (4,007 करोड़) और रायपुर-दुर्ग बायपास (2,289 करोड़) पर काम चल रहा है।
रेल में 54 हजार करोड़ की नई लाइन और दोहरीकरण परियोजनाओं पर काम चल रहा है। सुदूर क्षेत्रों में 1,643 मोबाइल टावर मंजूर हुए हैं। ऊर्जा में 3.5 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। लारा पावर प्लांट की क्षमता 4,000 से बढ़ाकर 4,800 मेगावाट की गई है। 9.30 लाख घरों को नए बिजली कनेक्शन मिले हैं। पीएम सूर्यघर योजना से 1.16 लाख घरों में सोलर लगा है, जिसके लिए 670 करोड़ सब्सिडी मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 मार्च 2026 को प्रदेश दशकों पुरानी नक्सल समस्या से मुक्त हुआ है। यह सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। प्रधानमंत्री के विजन ‘कंधे पर गन नहीं, हल ही हल है’ से बस्तर में शांति आई है। केंद्र से नक्सल उन्मूलन के लिए 2,080 करोड़ की विशेष मदद मिली है। आत्मसमर्पण करने वालों और पीड़ित परिवारों के लिए 15 हजार आवास मंजूर हुए हैं, जिनमें 5,671 बन रहे हैं। 267 सड़कें और 8 पुल बन चुके हैं। पीएमजीएसवाई-4 में 699 करोड़ से 228 सड़कें बन रही हैं। बंद पड़े 421 स्कूल फिर से शुरू हुए हैं। ‘नियद नेल्ला नार’ योजना से दूरस्थ क्षेत्रों तक राशन, स्वास्थ्य, शिक्षा पहुंच रही है।
आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस, सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट, ऑपरेशन सिंदूर से देश की ताकत दिखी है। वन रैंक वन पेंशन और CDS का पद बनाना बड़े फैसले रहे हैं। धारा 370 हटने से जम्मू-कश्मीर का पूर्ण एकीकरण हुआ। पुराने अंग्रेजी कानूनों की जगह नए भारतीय कानून लागू हुए हैं। पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा मिला है। काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ सरकार अयोध्या दर्शन योजना चला रही है।
प्रसाद योजना में डोंगरगढ़ के बम्लेश्वरी मंदिर के लिए 48 करोड़, जनजातीय टूरिज्म सर्किट के लिए 94 करोड़, भोरमदेव कॉरिडोर के लिए 146 करोड़, जशपुर इको-टूरिज्म के लिए 10 करोड़ और चंपारण में वल्लभाचार्य जी की मूर्ति के लिए 73.42 करोड़ मंजूर हुए हैं। रायपुर में 200 करोड़ से पीएम एकता मॉल बनेगा, जिससे हथकरघा और हस्तशिल्प को बाजार मिलेगा। नवा रायपुर में NIFT भी मंजूर हुआ है।
G-20 अध्यक्षता, ब्रिक्स में भारत की भूमिका और अफ्रीकी संघ को G-20 में शामिल कराने से भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। 36 देशों ने प्रधानमंत्री को सर्वोच्च सम्मान दिया है।सोलर अलायंस, योग दिवस और मिलेट वर्ष जैसी पहलों का लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिला है। कोदो-कुटकी-रागी को नई पहचान मिलने से जनजातीय किसानों के लिए नए बाजार खुले हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लिए ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047’ का रोडमैप बनाया गया है।
नक्सलमुक्त बस्तर, खनिज संपदा, मेहनती किसान, सशक्त महिलाएं और युवा प्रदेश की ताकत हैं। सबका साथ, सबका विकास की भावना से विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया गया है। राज्य सरकार ने पूर्व अग्निवीरों के अनुभव का लाभ लेने के लिए गृह विभाग में आरक्षक के 36 पदों पर भर्ती की मंजूरी दी है। इन पदों पर पहले से 10% आरक्षण का प्रावधान है। कैबिनेट ने नियम में संशोधन को मंजूरी दी है। अब ‘आदिम जाति विकास विभाग’ का नाम बदलकर ‘जनजातीय कार्य विभाग’ किया जाएगा।